इंदौर क्राइम ब्रांच ने मुंबई ठाणे के शांतिनगर में हुई प्रेमिका की हत्या के मामले में एक साल से फरार चल रहे आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजीव सिंह को देवास नाके से पकड़ा गया। इस संबंध में इंदौर क्राइम ब्रांच ने ठाणे पुलिस को सूचना दी है।
यह भी पढ़ें...Indore News: पत्नी की नौकरी के लिए डॉक्टर ने दिए 1 करोड़ 72 लाख रुपए, रेलवे के नाम पर हो गई ठगी
महाराष्ट्र के कई जिलों में फोटो वायरल हुए
एडीशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि 24 अक्टूबर 2024 को शांतिनगर इलाके में नीतू सिंह की उसके प्रेमी राजीव सिंह ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद से वह लगातार फरार था और पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा। महाराष्ट्र के कई जिलों में उसके फोटो वायरल किए गए थे और उस पर इनाम भी घोषित किया गया था।
फरारी के दौरान बदला हुलिया
सूत्रों के अनुसार आरोपी हुलिया बदलकर ढाबों और होटलों में रुकता था ताकि पुलिस की नजर से बच सके। वह कई शहरों में फरारी काट चुका है।
मुखबिर की सूचना से मिली सफलता
मंगलवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ट्रक में बैठकर इंदौर आ रहा है। देवास नाके पर पहचान होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान राजीव ने हत्या की बात स्वीकार की।
महाराष्ट्र पुलिस करेगी आगे की कार्रवाई
इंदौर पुलिस ने ठाणे पुलिस को आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी दे दी है। महाराष्ट्र पुलिस आरोपी को लेने इंदौर आ रही है। फिलहाल मामले की आगे की जांच और कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस करेगी।