सुनीता डांगी किसी मसीहा से कम साबित नहीं हुईं।
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
इंदौर से धार जा रहे एक दंपती के लिए कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO) सुनीता डांगी किसी मसीहा से कम साबित नहीं हुईं। उन्होंने सड़क किनारे प्रसव पीड़ा से जूझ रही एक गर्भवती महिला की सुरक्षित डिलीवरी करवाकर जच्चा और बच्चा दोनों की जान बचाई।
यह भी पढ़ें...
Indore News: स्टूडेंट वीजा पर आई विदेशी युवती निकली ड्रग तस्कर, रईसजादों को करती थी सप्लाई
सफर के दौरान अचानक बढ़ा दर्द
धार जिले के केसरी गांव निवासी श्याम अपनी गर्भवती पत्नी राजूबाई के साथ बाइक पर इंदौर से अपने गांव लौट रहे थे। कलारिया गांव के पास अचानक राजूबाई को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। श्याम ने आनन-फानन में सड़क किनारे एक मकान पर मदद मांगी और पत्नी को पीछे बने अस्थायी टॉयलेट तक ले गए, लेकिन दर्द इतना बढ़ गया कि महिला वहीं तड़पने लगी। पति की गुहार सुनकर वहां मौजूद लोगों ने तुरंत कलारिया आयुष्मान आरोग्यम मंदिर की कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर सुनीता डांगी को सूचित किया।
सड़क किनारे करवाई सफल डिलीवरी
सूचना मिलते ही सीएचओ सुनीता डांगी एक बाइक सवार की मदद से तत्काल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने देखा कि महिला की गर्भ की थैली फट चुकी थी और स्थिति गंभीर थी। सुनीता ने बिना समय गंवाए स्थानीय महिलाओं की मदद से आड़ करवाई और वहीं सड़क किनारे महिला की सामान्य प्रसूति (Normal Delivery) करवाई।
पुरस्कृत हो चुकी हैं सुनीता डांगी
सफल डिलीवरी के बाद वहां मौजूद राहगीरों और रहवासियों ने राहत की सांस ली और सीएचओ सुनीता की सूझबूझ की सराहना की। मां और नवजात शिशु को सुरक्षित स्थिति में एम्बुलेंस के जरिए बेटमा स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया। सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने बताया कि सीएचओ सुनीता डांगी को गर्भवती महिलाओं की सामान्य डिलीवरी कराने के लिए भोपाल से लेकर दिल्ली तक कई बार पुरस्कृत किया जा चुका है।