Indore News: इंदौर के वैष्णव इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में पढ़ने वाले बीएससी के छात्र मयूर राजपूत ने कॉलेज की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के CCTV फुटेज में छात्र को गिरते हुए देखा गया।
इंदौर में एक बीएससी छात्र ने कॉलेज की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक कदम को उठाने से पहले छात्र ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल स्टोरी पोस्ट की थी, जिसमें उसने लिखा था कि वह न अच्छा बेटा बन सका, न अच्छा इंसान। उसने लिखा कि वह अपने करीबियों को खुश नहीं रख सका और इसलिए वह अब यह कदम उठा रहा है।
विज्ञापन
वैष्णव इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में बीएससी का छात्र था
यह मामला शनिवार दोपहर का है। मृतक छात्र का नाम मयूर राजपूत (21 वर्ष) था, जो वैष्णव इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कॉलेज में बीएससी थर्ड ईयर का छात्र था। द्वारकापुरी थाना प्रभारी राहुल राजपूत ने बताया कि मयूर प्रजापत नगर का निवासी था। शनिवार को कॉलेज में एक फंक्शन चल रहा था, जिसमें मयूर भी शामिल हुआ था। कुछ समय तक फंक्शन में मौजूद रहने के बाद वह कॉलेज की छत पर चला गया। थोड़ी देर बाद अन्य छात्रों ने उसे नीचे गिरा हुआ देखा। घटना की जानकारी तुरंत कॉलेज प्रशासन को दी गई।
सीसीटीवी में कूदते हुए दिखा छात्र
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए, जिसमें मयूर को बिल्डिंग से गिरते हुए देखा गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, मयूर पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में था। मयूर के आत्महत्या से पहले के सोशल मीडिया पोस्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। उसने लिखा था कि वह अपनी ज़िंदगी में सफल नहीं हो पाया और अपने करीबियों को खुश रखने में असफल रहा। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे के अन्य कारणों का पता लगाया जा सके।