खजराना इलाके में एक शादी समारोह के दौरान बीजेपी नेता द्वारा हर्ष फायर करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए आरोपी नेता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वायरल वीडियो से पुलिस तक पहुंचा मामला
खजराना पुलिस के अनुसार, आरक्षक प्रदीप सूर्यवंशी की शिकायत पर सूरज नगर निवासी पृथ्वी सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरक्षक को ड्यूटी के दौरान शनिवार को एक वायरल वीडियो मिला था, जिसे उन्होंने वरिष्ठ अफसरों को दिखाया। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा था कि एक बारात निकाले जाने के दौरान एक व्यक्ति हवा में फायर कर रहा है।
यह भी पढ़ें...
Indore News:इंदौर के उम्रदराज शास्त्री ब्रिज का एक हिस्सा धंसा, पांच फीट गहरा गड्ढा
आरोपी बीजेपी और करणी सेना से जुड़ा
पुलिस ने जब वायरल वीडियो की जांच की, तो पता चला कि हर्ष फायर करने वाला व्यक्ति पृथ्वी सिंह है। जानकारी के मुताबिक, पृथ्वी सिंह बीजेपी से जुड़ा है और उसे 5 नंबर विधानसभा के विधायक का करीबी बताया जाता है। वह संगठन के साथ-साथ करणी सेना से भी जुड़ा हुआ है।
लाइसेंसी बंदूक से किया फायर, जांच जारी
इस मामले में टीआई मनोज सेंधव ने बताया कि वायरल वीडियो में जो बंदूक दिख रही है, वह लाइसेंसी है। हालांकि, सार्वजनिक स्थान पर इस तरह फायर करना अपराध है। सोशल मीडिया से मिली जानकारी और वरिष्ठ अफसरों के निर्देशन पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।