शहर के खजराना इलाके में एक बीजेपी नेता को शादी समारोह में अपनी लाइसेंसी बंदूक से हर्ष फायर करना महंगा पड़ गया। नेता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर FIR दर्ज की। पुलिस ने रविवार रात आरोपी नेता को गिरफ्तार किया, थाने में कान पकड़कर माफी मंगवाई और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
खजराना पुलिस के अनुसार, आरक्षक प्रदीप सूर्यवंशी की शिकायत पर सूरज नगर निवासी पृथ्वीसिंह पुत्र कुंवर सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। आरक्षक के मुताबिक, शनिवार को ड्यूटी के दौरान उन्हें एक वीडियो मिला, जिसमें एक बारात के दौरान एक व्यक्ति बंदूक से हर्ष फायर करता दिख रहा था।
यह भी पढ़ें...
Indore News: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा-मदरसों में पढ़ाने वालों की जानकारी सरकार को हासिल करना चाहिए
वीडियो वायरल होने पर जागा प्रशासन
पुलिस ने जब सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो की जांच की, तो पता चला कि फायरिंग करने वाला व्यक्ति बीजेपी नेता पृथ्वी सिंह है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस पहले इस हाई-प्रोफाइल मामले में FIR दर्ज करने से बच रही थी। लेकिन वीडियो के तेजी से वायरल होने और पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह की फटकार के बाद खजराना पुलिस ने तुरंत FIR दर्ज की।
थाने में माफी, फिर मिली जमानत
एडिशनल डीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी पृथ्वीसिंह को रविवार रात गिरफ्तार कर थाने लाया गया था। यहां आरोपी ने पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगी और कहा कि वह भविष्य में इस तरह का अपराध दोबारा नहीं करेगा। पुलिस ने कथित तौर पर आरोपी का माफी मांगते हुए वीडियो भी बनाया। इसके बाद, जरूरी लिखा-पढ़ी कर आरोपी को थाने से ही जमानत दे दी गई।
कौन है आरोपी नेता?
आरोपी पृथ्वी सिंह क्षेत्रीय बीजेपी नेता है और उसे करणी सेना के साथ-साथ विधायक महेन्द्र हार्डिया का करीबी भी माना जाता है।