इंदौर के छोटा बांगड़दा क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां अनाज से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। घायल युवक को गंभीर हालत में तत्काल एमवाय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मंगलवार अलसुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के समय बाइक सवार अपनी लोडिंग गाड़ी खड़ी कर घर लौट रहा था।
यह भी पढ़ें
इंदौर में प्रेमिका के टैटू पर दिल हार बैठा पति,तलाक का केस भी हारा
कैसे हुआ हादसा
एरोड्रम थाना पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय वीरेंद्र पुत्र किशोरलाल गोरे, निवासी रुक्मणी नगर अपनी लोडिंग रिक्शा कड़ीलपुरा में खड़ी करने के बाद बाइक से घर वापस जा रहा था। इसी दौरान छोटा बागड़दा में अनाज से भरे ट्रक ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक को रोक लिया लेकिन उसका ड्राइवर मौके से फरार हो गया। घायल वीरेंद्र को परिचितों की मदद से तुरंत एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
परिवार हुआ बेसहारा
वीरेंद्र लोडिंग वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके परिवार में माता-पिता, एक भाई और दो बहनें हैं। परिवार ने उसकी शादी की भी अभी तक कोई योजना नहीं बनाई थी। बेटे की अचानक मौत से परिजनों में शोक और आक्रोश दोनों है।
पुलिस ने ट्रक जब्त कर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही एरोड्रम पुलिस मौके पर पहुंची और रात में ही ट्रक को जब्त कर लिया। प्राथमिक जांच में पता चला कि ट्रक लक्ष्मीबाई नगर मंडी की ओर जा रहा था। पुलिस अब फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।