जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में मिलावट और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य निर्माण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। गंदगी के बीच गजक निर्माण पाए जाने पर नेताजी सुभाष मार्ग और पाटनीपुरा स्थित दो गजक फैक्ट्रियों में खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया।
यह भी पढ़ें
इंदौर वाले हिस्से में बुधनी रेल लाइन का काम शुरू, खेतों में बन रहे हैं अंडरपास और ब्रिज
नेताजी सुभाष मार्ग स्थित फैक्ट्री पर कार्रवाई
दिनांक 26 दिसंबर 2025 को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नेताजी सुभाष मार्ग, इंदौर स्थित मां दुर्गा गजक भंडार का निरीक्षण किया। मौके पर प्रतिष्ठान संचालक मुरैना निवासी मुकेश राठौर उपस्थित पाए गए। उन्होंने बताया कि वे शीत ऋतु में गजक, दाना पट्टी आदि का निर्माण कर छोटे विक्रेताओं को सप्लाई करते हैं। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान में अत्यधिक गंदगी पाई गई। अस्वच्छ परिस्थितियों में गजक एवं मूंगफली दाना पट्टी का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था। खाद्य पदार्थों के नमूने जांच हेतु लिए गए और गंभीर अनियमितताओं के चलते खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद कराया गया।
पाटनीपुरा स्थित जय मां दुर्गा गजक भंडार पर भी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 56/12 पाटनीपुरा, इंदौर स्थित जय मां दुर्गा गजक भंडार का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि यहां बिना वैध खाद्य लाइसेंस के गंदगी के बीच गजक का निर्माण किया जा रहा था। मौके पर मूंगफली दाना टुकड़ी, गुड़, तिल एवं पिस्ता फ्लेवर गजक का निर्माण पाया गया। सभी खाद्य पदार्थों के नमूने विधिवत रूप से संग्रहित किए गए। बिना लाइसेंस खाद्य निर्माण और गंभीर अस्वच्छता को देखते हुए निर्माण कार्य तत्काल बंद करवाया गया।
नमूनों की जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लिए गए सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।