इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्चे की पानी की टंकी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां उसका पीएम करवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार मृतक लॉकडाउन (5) पिता दुर्गेश, निवासी अहिरखेड़ी था। घटना शुक्रवार को कुंदन नगर में हुई। यहां एक खाली प्लॉट पर स्लैब डला हुआ था, जिसमें बनी पानी की टंकी में बच्चे के डूबने से उसकी मौत हो गई। बच्चे का शनिवार को पोस्टमार्टम करवाया गया है।
यह भी पढ़ें: Delhi Blast: डॉक्टर बने कश्मीरी युवाओं का ब्रेनवॉश... जैश ने विशेष समुदाय पर हुए जुल्म के वीडियो बार-बार दिखाए
खेलते-खेलते पहुंचा खाली प्लॉट तक
बच्चे के पिता दुर्गेश ने बताया कि उनका बेटा खेलते-खेलते वहां पहुंच गया होगा। वह अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। उन्होंने बताया कि खाली प्लॉट में करीब 7 फीट गहरी पानी की टंकी है, जिसमें लगभग 4 फीट पानी भरा था। टंकी पर ढक्कन भी नहीं लगा था, जिसके कारण बच्चा सीधे उसमें गिर गया। परिवार को कॉल कर घटना की सूचना मिली, जिसके बाद सभी मौके पर पहुंचे।
कई साल से खाली पड़ा है प्लॉट
परिवार ने बताया कि प्लॉट कई साल से खाली पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही वे सीधे जिला अस्पताल पहुंच गए थे। पिता दुर्गेश ने बताया कि उनके पांच बच्चे हैं, जिनमें लॉकडाउन चौथे नंबर का था। बताया जा रहा है कि बच्चे का जन्म कोरोना अवधि में लगे लॉकडाउन के दौरान हुआ था, इसी वजह से उसका नाम लॉकडाउन रखा गया था।
पुलिस ने शुरू की जांच, प्लॉट के मालिक की तलाश
राजेंद्र नगर थाना के उपनिरीक्षक बन सिंह जमरा ने बताया कि घटना कुंदन नगर की है, जहां बच्चे खेलते-खेलते टंकी के पास पहुंच गए थे। मासूम टंकी में गिर गया और निकालने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। परिवार बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि खाली पड़ा प्लॉट किसका है और टंकी खुली क्यों छोड़ी गई थी।