Indore News: इंदौर के जनता क्वार्टर क्षेत्र में 27 वर्षीय युवक की सड़क पर चलते-चलते अचानक मौत हो गई। अपनी पंचर एक्टिवा को धक्का देते समय उसे साइलेंट हार्ट अटैक आया और वह वहीं गिर पड़ा।
इंदौर में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां सड़क पर पैदल जा रहे एक 27 वर्षीय प्रॉपर्टी कारोबारी को अचानक हार्ट अटैक आया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। युवक अपनी स्कूटी का टायर पंक्चर होने के कारण उसे धक्का देकर ले जा रहा था, तभी वह अचानक सड़क पर गिर पड़ा और फिर नहीं उठा। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
स्कूटी का स्टैंड लगाने की कोशिश की और गिर पड़े
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। जनता क्वार्टर क्षेत्र का रहने वाला विनीत कुचेकर (27) अपनी स्कूटी का पंक्चर ठीक कराने के लिए पैदल जा रहा था। रास्ते में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। विनीत ने गाड़ी का स्टैंड लगाने की कोशिश की, लेकिन वह खुद को संभाल नहीं पाया और वहीं जमीन पर गिर गया। मौके पर मौजूद राहगीरों ने उसे तत्काल संभाला और सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन विनीत के शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद लोगों ने उसके परिवार को सूचना दी और उसे पास के ही एक निजी अस्पताल ले गए। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उसकी मौत हार्ट अटैक की वजह से हुई है।
पुणे से नौकरी छोड़कर पिता के बिजनेस में आया था
मृतक के छोटे भाई मयंक ने बताया कि विनीत पूरी तरह से स्वस्थ था और उसे हृदय रोग या डायबिटीज जैसी कोई पुरानी बीमारी नहीं थी। विनीत ने बीटेक की पढ़ाई की थी और वह पुणे की एक बड़ी कंपनी में नौकरी करता था। उसे चेन्नई से भी जॉब का ऑफर मिला था, लेकिन उसने परिवार के साथ रहने और पिता का हाथ बंटाने का फैसला किया। वह पिछले साल ही नौकरी छोड़कर इंदौर आया था और अपने पिता के साथ प्रॉपर्टी का व्यवसाय संभाल रहा था। उनका ऑफिस ऑर्बिट मॉल में स्थित है। विनीत के परिवार में पिता संजय, मां माधवी और छोटा भाई मयंक हैं। इस आकस्मिक घटना से परिवार गहरे सदमे में है।