Indore News: एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय बस कंडक्टर अभय की मौत हो गई। वह इंदौर-सनावद बस के गेट पर खड़ा था, तभी ब्रेक लगने से संतुलन बिगड़ा और वह अपनी ही बस के पहिये के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सिमरोल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय बस कंडक्टर की मौत हो गई। विडंबना यह रही कि युवक की मौत उसी बस के पहिये के नीचे आने से हुई, जिस पर वह कंडक्टरी करता था। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
अचानक ब्रेक लगने से बिगड़ा संतुलन
सिमरोल पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान खैगांव निवासी अभय (19) पिता दिनेश कैथवास के रूप में हुई है। अभय इंदौर-सनावद के बीच चलने वाली बस में कंडक्टरी का काम करता था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात वह बस के गेट पर खड़ा था, तभी ड्राइवर ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे अभय का संतुलन बिगड़ गया और वह चलते बस से नीचे गिर गया।
सिर के ऊपर से गुजरा पहिया
अभय के नीचे गिरते ही बस थोड़ी आगे बढ़ गई, जिससे बस का पहिया सीधे उसके ऊपर चढ़ गया। इस गंभीर हादसे में अभय की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां आज उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा।
मजदूर पिता का बड़ा बेटा था अभय
मृतक अभय अपने परिवार का बड़ा बेटा था। उसके पिता दिनेश कैथवास ने बताया कि उनके दो बेटे हैं, जिनमें अभय बड़ा था और बस पर काम करके परिवार की मदद करता था। अभय के पिता खुद मजदूरी करते हैं। जवान बेटे की मौत की खबर के बाद से ही घर में गम का माहौल है।