इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलकर्णी का भट्टा निवासी 16 वर्षीय लावण्या जैन की रहस्यमय हालात में मौत हो गई। इस मामले ने लोगों को चौंका दिया है, क्योंकि मृतका की उम्र महज 16 वर्ष थी। जानकारी के अनुसार लावण्या ने सोशल मीडिया के लिए एक रील बनाई और फिर सो गई। जब काफी देर तक नहीं उठी तो परिजनों ने उसे जगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं उठी।
अस्पताल ले जाते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन उसे तत्काल पास के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। युवती की अचानक मौत को लेकर परिवार को संदेह है कि उसे दिल का दौरा (हार्ट अटैक) आया था। पुलिस को इस संबंध में सूचना दी गई और मर्ग कायम कर जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। परदेशीपुरा थाना के टीआई रामदीन कानवा ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मामला सर्पदंश का लग रहा है। लड़की के पांव में किसी जानवर के काटने के निशान मिले थे। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं आई है इसलिए अभी सिर्फ इस बात का संदेह है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट होगा।
हार्ट फेल होने की संभावना
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारण का पता चल सके। फिलहाल इस घटना ने इलाके में शोक और हैरानी का माहौल बना दिया है। वहीं हार्ट स्पेशलिस्ट डाक्टर सगीर अहमद का कहना है कि सर्पदंश के मामले में हार्ट फेल हो जाता है। सोते समय यदि सांप ने काट लिया तो नींद में ही हार्ट काम करना बंद कर देता है। वहीं युवा वर्ग को स्वास्थ्य और मानसिक तनाव के प्रति सतर्क रहना चाहिए, ताकि ऐसी दुखद घटनाओं से बचा जा सके।हालांकि इतनी कम उम्र में हार्ट अटैक होना दुर्लभ माना जाता है, फिर भी इस प्रकार की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे युवाओं की जीवनशैली और स्वास्थ्य पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।