मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
- फोटो : amarujala
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय,भाजपा नेता सत्यनारायण सत्तन, जीतू जिराती सहित कई नेता अपनी 80 के दशक वाली तस्वीरों से सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहे हैं। एआई की मदद से नेता अस्सी के दशक की स्टाइल, माहौल और लुक वाली तस्वीरें तैयार करवा रहे हैं और उन्हें अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट कर रहे हैं। किसी तस्वीर में नेता ढीली-ढाली जैकेट में नजर आ रहे हैं तो कोई काले चश्मे में पुराने जमाने के हीरो वाला अंदाज दिखा रहा है।
दरअसल, 65 से 68 साल की उम्र पार कर चुके कई नेताओं की राजनीति अस्सी के दशक में शुरू हुई थी। यही वजह है कि इस ट्रेंड से उनका जुड़ाव कुछ ज्यादा ही दिखाई दे रहा है। एआई ने नेताओं को अपने पुराने दौर को नए अंदाज में याद करने का मौका दे दिया है। चैटजीपीटी ने भी अस्सी के दशक की थीम वाला प्रॉम्प्ट तैयार करने का विकल्प दे दिया है। इसके अलावा गूगल जेमिनी और दूसरे एआई टूल के जरिए भी नेता अपने पुराने दौर की झलक सोशल मीडिया पर दिखा रहे हैं।
एमपी के आईएएस और आईपीएस अधिकारी इस ट्रेंड से फिलहाल दूर नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर नेताओं के रेट्रो लुक की तस्वीरें देखकर ऐसा लग रहा है कि राजनीति में अब सिर्फ बयानबाजी और पोस्टर ही नहीं, बल्कि पुराना फैशन भी ट्रेंड में लौट आया है।
80 के दशक के विधायक रमेश मेंदोला।
- फोटो : amarujala
कमेंट भी आ रहे मजेदार
नेताओं की अस्सी के दशक वाली तस्वीरों पर उनके फॉलोअर्स भी जमकर मजे ले रहे हैं। मंत्री तुलसी सिलावट की तस्वीर पर एक फॉलोअर ने उनकी तुलना कमल हासन से कर दी तो किसी ने उन्हें तेजाब फिल्म के अनिल कपूर जैसा बता दिया। वहीं मंत्री विजयवर्गीय की तस्वीर पर एक फॉलोअर ने कमेंट किया कि आप तो साउथ के हीरो लग रहे हैं।
एक फॉलोअर ने विजयवर्गीय की पोस्ट पर भागीरथपुरा की घटना को जोड़ते हुए कटाक्ष भी कर दिया। कमेंट में लिखा कि उस दौर में लोग पानी पीकर मरते नहीं थे। यानी नेताओं का रेट्रो लुक तो सोशल मीडिया पर छा ही गया, उनके फॉलोअर्स के कमेंट भी इस ट्रेंड का मजा दोगुना कर रहे हैं।