मोहन सरकार के मंत्री विजय शाह ने मानपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित बयान दे डाला। इसका कांग्रेस ने विरोध किया है और मंत्री को पद से हटाने की मांग कर डाली। मानपुर में आयोजित हलमा कार्यक्रम में मंत्री शाह ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कहा, जिन आंतकियों ने पहलगाम में लोगों को मारा, उनके कपड़े उतरवाए, उन आंतकियों ने हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ा।
मंत्री शाह ने कहा, पीएम नरेंद्र मोदी ने उन्हीं की बहन को भेजकर उनकी ऐसी-तैसी करवाई। बयान को लेकर जब राजनीति गरमा गई तो उन्होंने कहा कि हमारी बहनों का सिंदूर उजाड़ने वाले वालों को हमने उन्हीं की भाषा में जवाब दिया है। उनके भाषण को अलग संदर्भ में नहीं देखना चाहिए। वो हमारी बहनें हैं। उन्होंने पूरी ताकत से सेना के साथ मिलकर काम किया है।
यह भी पढ़ें: मां से आंख मिचौली कर रहा बच्चा 40 फीट गहरे कुएं में गिरा, फिर इस चमत्कार से जिंदा निकला बाहर
आपको बता दें कि भारत द्वारा पाकिस्तान के आंतकी ठिकानों को तबाह करने के बाद हुए पत्रकार वार्ता में ऑपरेशन सिंदूर की ब्रीफिंग विंग कमांडर व्योमिका सिंह के साथ कर्नल सोफिया ने की थी। कांग्रेस ने कहा कि मंत्री शाह के बयान ने साबित कर दिया कि भाजपा सरकार सेना को लेकर क्या सोच रखती है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का हिस्सा रहीं कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित बयान दिया है, उनसे मंत्री पद छिना जाना चाहिए।