फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वच्छता रैंकिंग पर घमासान: विपक्ष के आरोपों पर भड़के महापौर, वीडियो जारी कर दी खुली चुनौती

Fri, 13 Nov 2026 05:19 PM IST
अर्जुन रिछारिया न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंदौर

सार

स्वच्छता रैंकिंग पर विपक्ष के सवालों पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पलटवार किया है। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि इंदौर इस बार भी नंबर 1 है और डैशबोर्ड जारी होते ही स्थिति साफ हो जाएगी। उन्होंने सफाई मित्रों की मेहनत पर सवाल न उठाने की अपील की।
विज्ञापन
मेयर पुष्यमित्र भार्गव - फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

स्वच्छता सर्वेक्षण के परिणामों और इंदौर की रैंकिंग को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों के बीच महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर स्पष्ट किया कि इंदौर इंडिविजुअल सिटी कैटेगरी में इस बार भी पूरे देश में नंबर 1 है। हालांकि, स्वच्छता सर्वेक्षण का आधिकारिक डैशबोर्ड जारी होने के बाद ही सभी शहरों के सटीक अंक और स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। महापौर ने विपक्षी नेताओं को निशाने पर लेते हुए कहा कि अंतिम परिणाम आने से पहले ही सफाई मित्रों की मेहनत और शहर की राष्ट्रीय प्रतिष्ठा पर सवाल खड़े करना कतई उचित नहीं है।
विज्ञापन


डैशबोर्ड जारी होने के बाद स्पष्ट होगी पूरी तस्वीर
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि स्वच्छता अब इंदौर की आदत और व्यवहार का हिस्सा बन चुकी है। सफाई मित्रों की दिन-रात की अथक मेहनत के कारण ही शहर ने एक बार फिर व्यक्तिगत शहरों की श्रेणी में शीर्ष स्थान हासिल किया है। उन्होंने पुरस्कार प्रक्रिया को समझाते हुए कहा कि इस बार पुरस्कार वितरण समारोह पहले आयोजित किया गया है, जबकि सामान्य तौर पर पहले डैशबोर्ड जारी होता है और उसके बाद पुरस्कार दिए जाते हैं। इस वर्ष 1 सिटी-1 अवॉर्ड के नए क्राइटेरिया के तहत पुरस्कार वितरित किए गए हैं, इसलिए डैशबोर्ड जारी होने के बाद पूरी तस्वीर सामने आ जाएगी।

मेंटर सिटी बनकर देपालपुर को दिलाया देश में दूसरा स्थान
महापौर ने स्वच्छता जोड़ी श्रेणी में इंदौर को मिले दूसरे स्थान का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इंदौर ने मेंटर सिटी की भूमिका निभाते हुए देपालपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का काम किया है। पिछले वर्ष 1700 से अधिक अंकों के बड़े अंतर से पीछे रहने वाले देपालपुर को इस बार देशभर में दूसरे स्थान तक पहुंचाने में इंदौर का अहम योगदान रहा है। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए इंदौर को मेंटर के रूप में भी राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली है।
विज्ञापन


अहमदाबाद और तिरुपति का उदाहरण देकर समझाया नियम
भार्गव ने उदाहरण देते हुए कहा कि अहमदाबाद, इंदौर और तिरुपति को स्वच्छता जोड़ी श्रेणी में पुरस्कार मिलने के बाद 1 सिटी-1 अवॉर्ड के मापदंडों के कारण अन्य लीग और श्रेणियों में पुरस्कार के लिए मंच पर नहीं बुलाया गया। उन्होंने पूरे विश्वास के साथ दावा किया कि जब सभी शहरों की समग्र रैंकिंग जारी की जाएगी, तो इंदौर इस बार भी देश में नंबर 1 पर ही रहेगा।

सफाई मित्रों के सम्मान और धैर्य रखने की अपील
विपक्ष पर सीधा निशाना साधते हुए महापौर ने कहा कि इंदौर शहर जितना उनका है, उतना ही विपक्ष का भी है, इसलिए सभी को अंतिम परिणाम आने तक इंतजार करना चाहिए। बिना परिणाम आए सफाई मित्रों के परिश्रम पर संदेह जताना और शहर की छवि धूमिल करना गलत है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता व्यक्तिगत रूप से उन पर जितने चाहें आरोप लगाएं, उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सफाई मित्रों की मेहनत पर सवाल उठाना शहर के साथ धोखा है। महापौर ने विपक्ष से डैशबोर्ड जारी होने तक धैर्य रखने की अपील की।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें