इंदौर में धनतेरस पर देर रात तक बाजारों में रौनक बनी रही। शहर के परंपरागत बाजार रात डेढ़ बजे तक ग्राहकों से गुलजार रहे। सराफा, बर्तन बाजार, क्लॉथ मार्केट और राजवाड़ा की दुकानें रात दो बजे के बाद बंद हुईं। राजवाड़ा पर रात एक बजे तक ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बनी रही। त्योहार पर खरीदारी के साथ ही बाजारों की सजावट देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
धनतेरस पर शुक्रवार को शहर के बाजारों में देर रात तक भीड़ रही। मध्य क्षेत्र के अलावा अन्नपूर्णा, नंदानगर सराफा और पलासिया क्षेत्र की दुकानें भी रात तक खुली रहीं। दशहरा मैदान के आसपास लगी दुकानों के कारण भी बार-बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी।
राजवाड़ा पर पूजन सामग्री फुटपाथ पर बेची जा रही थी। इसके चलते चौक के आसपास खरीदारों की भीड़ जमा हो गई थी। चौक की ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। खजूरी बाजार से कृष्णपुरा ब्रिज की ओर जाने वाला मार्ग ही ट्रैफिक के लिए खुला था। व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस जवान रातभर तैनात रहे। उन्होंने सड़कों पर वाहनों की पार्किंग नहीं होने दी।खरीदारी के लिए पहुंचे लोग राजवाड़ा स्थित प्राचीन महालक्ष्मी मंदिर और धन्वंतरि मंदिर में दर्शन के लिए भी पहुंचे। दोनों मंदिर देर रात तक खुले रहे।
रात में सड़कों से उठाया कचरा
राजवाड़ा की सड़कों की सफाई के लिए नगर निगम ने महिला सफाईकर्मियों की टीमें तैनात की थीं। सफाईकर्मियों ने रात में ही सड़कों की सफाई कर कचरा उठाया। त्योहार के चलते बाजारों में बड़ी मात्रा में सूखा कचरा फैल गया था। इसे साफ करने के लिए नगर निगम की टीमें देर रात तक जुटी रहीं।