इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। 309 किलोमीटर लंबाई में रेल लाइन बिछाई जाएगी। इस परियोजना से इंदौर से मुंबई के बीच की दूरी कम हो जाएगी। अभी इंदौर से गुजरात होकर ट्रेन मुंबई जाती है। इस परियोजना से निमाड़ क्षेत्र को भी लाभ होगा।
इंदौर से 100 किलोमीटर दूरी कम हो जाएगी
अभी इंदौर से मुबंई के बीच रेल मार्ग की दूरी 650 किलोमीटर हैै, लेकिन इंदौर मनमाड़ रेल लाइन के बाद दूरी 100 किलोमीटर घट जाएगी। इससे यात्रियों को समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
रेलवे को भी फायदा होगा। सांसद शंकर लालवानी का कहना है कि इंदौर मनमाड़ रेल प्रोजेक्ट के लिए इंदौर संभाग और महाराष्ट्र के सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले थे। उन्होंने इस रेल लाइन के महत्व को समझा और प्रोजेक्ट मंजूर किया। अब इंदौर रेलवे का भी हब बन जाएगा। इंदौर से दक्षिण के राज्यों के अलावा महाराष्ट्र के राज्यों की कनेक्टिविटी हो जाएगी।