इस्कॉन इंदौर में धूमधाम से मनाया जाएगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव।
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य उत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इस्कॉन इंदौर द्वारा शुक्रवार, 4 सितंबर को भव्य एवं आध्यात्मिक श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महामन दास, अध्यक्ष, इस्कॉन इंदौर ने बताया कि श्री श्री राधा गोविंद मंदिर, हरे कृष्ण विहार, निपानिया में जन्माष्टमी के अवसर पर दिनभर धार्मिक अनुष्ठान, विशेष श्रीकृष्ण कथा, दर्शन, अभिषेक, भजन-संकीर्तन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस वर्ष इस्कॉन इंदौर द्वारा 23 अगस्त से 19 सितंबर 2026 तक फेस्टिवल सीजन मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत भगवान श्रीकृष्ण एवं वैष्णव परंपरा से जुड़े विभिन्न आध्यात्मिक उत्सवों का आयोजन किया जा रहा है।
जन्माष्टमी के दिन आयोजित होने वाले प्रमुख धार्मिक कार्यक्रम
4 सितंबर को जन्माष्टमी के दिन कार्यक्रमों का शुभारंभ प्रातः 4:30 बजे मंगल आरती से होगा। इसके उपरांत सुबह 7:30 बजे गुरु पूजा, सुबह 8:00 बजे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी विशेष कथा, सुबह 9:00 बजे दर्शन आरती तथा सुबह 10:00 बजे विशेष अभिषेक संपन्न किया जाएगा। शाम के सत्र में 4:00 बजे से 6:00 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा आयोजित होगी। इसके पश्चात शाम 6:00 बजे से रात 9:30 बजे तक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं 9:30 बजे से भजन क्लबिंग का आयोजन होगा। रात्रि 10:30 बजे महाअभिषेक तथा मध्यरात्रि में महाआरती के साथ भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।
आध्यात्मिक उत्सवों की विस्तृत श्रृंखला
जन्माष्टमी के साथ-साथ इस्कॉन इंदौर में 23 अगस्त से 19 सितंबर तक विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 23 से 28 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 7:30 से 8:30 बजे तक झूलन उत्सव मनाया गया। तत्पश्चात 28 अगस्त को बलराम पूर्णिमा के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन संपन्न हुआ। इसके अतिरिक्त 29 से 31 अगस्त तक शाम 4:30 से 7:00 बजे तक विशेष श्रीकृष्ण कथा का आयोजन किया गया।
व्यास पूजा, लक्ष्मी नरसिंह प्रार्थना एवं श्री राधाष्टमी कार्यक्रम
जन्माष्टमी के अगले दिन 5 सितंबर को इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद की व्यास पूजा एवं प्राकट्य उत्सव मनाया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 10:00 बजे से विशेष पूजा एवं कार्यक्रम होंगे तथा दोपहर 2:00 बजे स्नेह भोज प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। रविवार, 6 सितंबर को अपराह्न 12 बजे से विघ्न विनाशक श्री श्री लक्ष्मी नरसिंह महाराज से विश्व शांति, अच्छी वर्षा तथा शहर के नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य के लिए विशेष प्रार्थना की जाएगी। इसके पश्चात 19 सितंबर को श्री राधाष्टमी के पावन अवसर पर सुबह 11:00 बजे भव्य अभिषेक तथा दोपहर 1:30 बजे स्नेह भोज प्रसाद का आयोजन किया जाएगा।