प्रदेश के प्लास्टिक उद्योग को बढ़ावा देने के लिए मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के सहयोग से प्लास्ट पैक-2026 मेले का आयोजन 27 नवंबर से किया जाएगा। तीन दिन तक चलने वाले इस आयोजन में देशभर से इस उद्योग से जुड़े निवेशक इंदौर में जुटेंगे। लाभगंगा परिसर में आयोजित होने वाले इस मेले में प्लास्टिक, पैकेजिंग और रीसाइक्लिंग क्षेत्र की देश-विदेश की दिग्गज कंपनियां एक मंच पर नजर आएंगी। हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम और गेल जैसी नवरत्न कंपनियों के साथ कई बहुराष्ट्रीय कंपनियां भी इसमें हिस्सा लेंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इस आयोजन में शामिल होंगे और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी नीतियों पर अपनी बात रखेंगे। प्लास्ट पैक फोरम के अध्यक्ष सचिन बंसल ने बताया कि इस बार मेले में सस्टेनेबल और ग्रीन पैकेजिंग पर विशेष जोर रहेगा। युवाओं के लिए जॉब फेयर और स्टार्टअप को बढ़ावा देने वाले सत्र भी आयोजन का प्रमुख हिस्सा होंगे।
मेले में कंपोस्टेबल प्लास्टिक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित रीसाइक्लिंग प्लांट प्रदर्शित किए जाएंगे। आयोजन में 500 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार भी मेले में हजारों की संख्या में लोग पहुंचेंगे। प्लास्टिक उद्योग से जुड़ी कंपनियों और उद्यमियों के लिए यह आयोजन नई तकनीकों, निवेश और कारोबार के अवसरों के साथ उद्योग के विस्तार के नए विकल्प उपलब्ध कराएगा।