मेघालय डीजीपी से चर्चा करते सांसद शंकर लालवानी।
- फोटो : अमर उजाला
शादी के बाद इंदौर से हनीमून मनाने शिलांग गए इंदौर के दंपती का पांचवें दिन भी पता नहीं चला। बुधवार दोपहर बारिश थमने के बाद खोज अभियान शुरू हुआ। शिलांग के एसपी के नेतृत्व में बनी पुलिस की टीमें राजा रघुवंशी और सोनम को खोज रही हैं। सोनम और राजा एक हजार सीढ़ियां उतरकर खाई वाले हिस्से में घूमने गए थे। वह आदिवासी क्षेत्र है। अब तक मिले सुरागों की कड़ियां हादसे के बजाए किसी वारदात की तरफ इशारा कर रही हैं। उधर, परिवार के लोगों ने दोनों का पता देने पर पांच लाख का इनाम रखा है। इस बीच, इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने मेघालय की डीजीपी इदाशिशा नोंगरांग से मुलाकात कर लापता दंपती को जल्द ढूंढने का आग्रह किया।
इससे जुड़ी खबर पढ़ें:
मेघालय के जंगलों में लापता इंदौर का दंपती; 50 लोगों की टीम कर रही तलाश, गाइड के बिना निकले थे सफर पर
दुकान से काफी लेकर पी थी
अब तक हुई जांच में यह पता चला है कि खाई वाले हिस्से में एक स्थानीय दुकान से उन्होंने काफी लेकर पी थी और केला भी खाया था। दुकानदार ने भी दोनों की पहचान की और बताया कि कुछ देर रुकने के बाद वे चले गए थे।
परिजनों संग डीजीपी से मिले लालवानी
इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने लापता राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम के परिजनों के साथ मेघालय की डीजीपी इदाशिशा नोंगरांग से चर्चा की। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की टीम भी इंदौर के दंपती को खोज रही है। लालवानी त्रिपुरा के दौरे पर थे, उन्हें घटना का पता चला तो वे बुधवार सुबह मेघालय की राजधानी शिलांग पहुंचे।
आदिवासी परिवारों से पूछताछ
सांसद लालवानी ने डीजीपी से मुलाकात के बाद बताया कि खाई वाले हिस्से में आदिवासी रहते हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है, लेकिन नतीजा नहीं निकला। उन्होंने कहा कि लापता दंपती का किराए का स्कूटर, बैग और उनका नाश्ता करने की जगह काफी दूर-दूर है। उसकी कड़ियां जोड़कर दोनों के लापता होने की गुत्थी सुलझाई जा सकती है। ये भी हो सकता है कि लौटते समय उनके साथ कोई घटना हुई।
गाइड से भी पूछताछ
लालवानी ने बताया कि राजा ने एक गाइड की मदद ली थी। उसकी मदद से ही वे होम स्टे तक गए थे। बाद में गाइड ने उन्हें आसपास के स्पाॅटों की जानकारी दी थी, लेकिन साथ नहीं गया। पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है। बता दें, इंदौर निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम के लापता होने के मामला मुख्यमंत्री मोहन यादव तक पहुंचा है। उन्होंने इस मामले में चिंता जताते हुए मंगलवार को मेघालय के मुख्यमंत्री काॅनराड संगमा से फोन पर चर्चा की थी। इसके बाद दंपती के तलाशी अभियान में बुधवार से तेजी नजर आई।