इंदौर विकास प्राधिकरण (आई़डीए) का बजट बुधवार को पेश किया गया। इसमें बताया गया कि इस साल सड़क निर्माण, स्टार्टअप पार्क, अनाज मंडी, ब्रिज सहित अन्य विकास कार्यों पर 1500 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्राधिकरण ने 88 करोड़ रुपये फायदे का बजट पेश किया है। सबसे ज्यादा राशि 275 करोड़ रुपये सड़क निर्माण पर खर्च की जाएगी। उज्जैन रोड को बाइपास से जोड़ने के लिए इसी साल एमआर-12 सड़क बनाई जाएगी।
यह खबर भी पढ़ें:
मोहित को मिला अमेरिका में नया परिवार, अब विदेश में संवर जाएगा भविष्य
मोरोद माचल में बनेगी नई अनाज मंडी
आठ लेन की एमआर-12 सड़क पर छह ब्रिज भी बनेंगे। खंडवा रोड पर मोरोद माचल क्षेत्र में नई अनाज मंडी भी बनाई जाएगी। फिर छावनी मंडी को वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा। प्राधिकरण संगीत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए महाविद्यालयों में गैर योजना मद में सभागृह भी बनाएगा। इसके अलावा विद्युतीकरण पर 73 करोड़ और ब्रिजों के निर्माण पर 196 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बड़े आवासीय, व्यावसायिक, स्वास्थ्य और शिक्षा भू-उपयोग के प्लाॅट भी बेचे जाएंगे।
एमआर-10 पर नया बस स्टैंड तैयार
संभागायुक्त दीपक सिंह ने बताया कि इस साल शहरवासियों को एमआर-10 पर नए बस स्टेशन और वरिष्ठ जनों के कॉम्प्लेक्स की सुविधा मिल जाएगी। 32 फ्लैटों के इस कॉम्प्लेक्स में वाहनों की पार्किंग के अलावा फिजियोथैरेपी कक्ष, एंबुलेंस सेवा भी रहेगी।
ये काम होंगे इसी साल
- सुपर काॅरिडोर पर स्टार्टअप पार्क बनाया जाएगा। 20 मंजिला बिल्डिंग में छोटी कंपनियों को स्पेस उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा एक कंवेंशन सेंटर और एक होटल भी इस स्कीम में प्रस्तावित है।
- शहर में चार सीएम राइज स्कूल भी प्राधिकरण बनाएगा। इसके लिए बजट में 46 करोड़ रुपये रखे गए हैं। इस योजना में सरकार ने प्राधिकरण को निर्माण एजेंसी बनाया है।
- सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए उज्जैन रोड से बाइपास तक एमआर-12 सड़क बनेगी। इसमें एक बड़ा ब्रिज और छह छोटे ब्रिज भी बनेंगे। यह सड़क आने वाले 50 वर्षों के लिए उपयोगी होगी।
- शहर में स्मार्ट आंगनवाड़ी और स्मार्ट प्राइमरी स्कूल भी प्राधिकरण बनाएगा। इसके अलावा अहिल्य लाइब्रेरी के प्रीतमलाल दुआ सभागृह की मरम्मत भी की जाएगी।
- टिगरिया बादशाह गांव में तालाब का सौंदर्यीकरण भी प्राधिकरण करेगा। इसके अलावा शहर के मच्छी बाजार क्षेत्र में स्थित प्राचीन इंद्रेश्वर महादेव मंदिर व खजूरी बाजार के तुलसीदास मंदिर को भी प्राधिकरण संवारेगा।