इंदौर में कांग्रेस के पूर्व विधायक अश्विन जोशी का शुक्रवार को निधन हो गया। इस बात की पुष्टि उनके करीबी रिश्तेदारों ने की है। वे पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज जारी था। शुक्रवार सुबह अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्हे दिल का दौरा पड़ा था।
ये भी पढ़ें- बरगी क्रूज हादसे का मामला अब हाईकोर्ट पहुंचा, दो याचिकाएं दायर, तीन अन्य की तैयारी
राजनीतिक दलों ने दी श्रद्धांजलि
अश्विन जोशी के निधन की खबर सामने आते ही शहर के राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को कांग्रेस के लिए बड़ी क्षति बताया।
भाजपा की लहर में जीते थे चुनाव
अश्विन जोशी ने वर्ष 1998 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उस साल भाजपा की लहर थी, लेकिन जोशी ने भाजपा उम्मीदवार गोपी नेमा को चुनाव हरा दिया। इसके बाद वे लगातार तीन बार कांग्रेस के विधायक रहे। क्षेत्र में पानी वाले बाबा के नाम से मशहूर थे। तीन नंबर विधानसभा क्षेत्र में जलसकंट रहता था। वे टैंकरों से वार्डों में पानी बंटवाते थे। 15 अगस्त को राजवाड़ा पर स्वतंत्रता दिवस के जश्न को धूमधाम से मनाने की शुरुआत भी उन्होंने की थी।