इंदौर में दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला इंदौर द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा प्रशासन और नापतोल विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 26 खाद्य नमूने संग्रहित किए। अभियान के दौरान 11 प्रतिष्ठानों की जाँच की गई तथा 2 प्रतिष्ठानों पर नापतोल विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की गई।
विभिन्न डेयरी और मिष्ठान भंडारों पर कार्रवाई
आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्यप्रदेश, भोपाल मनोज पुष्प के निर्देशन तथा कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई के दौरान छोटा बांगड़दा स्थित मुस्कान डेयरी से पनीर, ट्रेडिशनल स्वीट्स एवं घी के 3 नमूने तथा स्कीम नंबर 51 स्थित स्नेहल डेयरी से पनीर एवं घी के 2 नमूने लिए गए। राधास्वामी नगर, चितावद रोड स्थित राममोहन दूध दही भंडार से दूध का 1 नमूना संग्रहित किया गया।
असत्यापित तौल उपकरण जप्त
एसडीए कंपाउंड, मूसाखेड़ी स्थित श्री बसंत इंटरप्राइजेज का प्राप्त शिकायत के आधार पर निरीक्षण कर कीर्ति गोल्ड रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया गया। इस दौरान नापतोल विभाग द्वारा तेल के पैकेटों की जांच की गई, जिसमें पैकेटों पर आवश्यक घोषणाएं एवं वजन नियमानुसार पाए गए। प्रतिष्ठान में उपयोग किए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण असत्यापित पाए जाने पर जप्त कर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। इसी क्षेत्र में फार्मर्स मिल्क कार्ट से मावा, मिल्क केक, रसगुल्ला एवं केसर पेड़ा के 4 नमूने लिए गए। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। नापतोल विभाग द्वारा प्रतिष्ठान में उपयोग किया जा रहा असत्यापित बाट भी जप्त कर प्रकरण दर्ज किया गया।
खाद्य प्रतिष्ठानों में पाई गई कमियों पर नोटिस
साउथ तुकोगंज स्थित श्रीवारी फूड वेंचर्स से उड़द दाल का नमूना संग्रहित किया गया। निरीक्षण के दौरान कीट नियंत्रण व्यवस्था में कमियां तथा खाद्य कारोबारकर्ताओं के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं पाए गए। इस संबंध में आवश्यक सुधार के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है। पगनिशपागा स्थित एस.एस. ट्रेडिंग फर्म से पराग वनस्पति, माधव गोल्ड किचिन रिफाइंड तेल, रामदेव शिवाय वनस्पति एवं दिव्य अमृत लाइट फैट कुकिंग मीडियम के 4 नमूने लिए गए। वहीं, खातीवाला टैंक स्थित पूजा नमकीन भंडार से मूंगफली तेल, बेसन एवं सोनपापड़ी के 3 नमूने संग्रहित किए गए।
मैजिक बॉक्स से प्रारंभिक परीक्षण और नमूना संग्रहण
तेजाजी नगर स्थित नवशक्ति दूध डेयरी एंड स्वीट्स में भंडारित मावा एवं पनीर का मैजिक बॉक्स एवं टेस्ट किट से प्रारंभिक परीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान से मावा, पनीर, मावा रोल एवं पेड़ा के 4 नमूने लिए गए। इसी क्षेत्र के श्री कृष्णा दूध दही भंडार से मिश्रित दूध का 1 नमूना तथा खंडवा नाका स्थित सांवरिया दूध डेयरी से गुपचुप एवं केसर पेड़ा के 2 नमूने संग्रहित किए गए।
स्ट्रीट वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
निरीक्षण अभियान के साथ ही खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम द्वारा उच्च न्यायालय एवं एलआईसी कार्यालय परिसर के आसपास संचालित स्ट्रीट वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। उन्हें खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रखरखाव, स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के संबंध में जागरूक किया गया।
प्रयोगशाला भेजी रिपोर्ट, निरंतर जारी रहेगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा संग्रहित सभी 26 खाद्य नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।