शार्ट सर्किट के कारण लगी थी आग।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर में एबी रोड स्थित इंडस्ट्री हाउस में बुधवार शाम को लगी आग की वजह शॉर्ट सर्किट थी।आग से चौथी और पांचवीं मंजिल में तीन दफ्तरों को नुकसान हुआ, लेकिन दस से ज्यादा दफ्तरों के उपकरण और फर्नीचर पानी से खराब हो गए। गुरुवार को एफएसएल की टीम ने डिटेक्टिव ग्रुप के उस दफ्तर की जांच की, जहां सबसे पहले आग लगी थी। टीम ने वहां से पांच सैंपल भी जांच के लिए ले लिए हैं।
बता दें कि इंडस्ट्री हाउस की आग में 50 से ज्यादा लोग फंस गए थे। जिन्हें डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया। इंडस्ट्री हाउस की दसवीं मंजिल पर एक एफएम चैनल भी संचालित होता है। उसे भी अस्थाई तौर पर दूसरी जगह शिफ्ट करना पड़ा।
आठ फीट का गलियारा, न वेंटिलेशन, न ओपन एरिया
इंडस्ट्री हाउस की जिस बिल्डिंग में आग लगी। वहां 11 मंजिलों पर 60 से ज्यादा दफ्तर संचालित होते हैं, लेकिन हर मंजिल पर आठ फीट का गलियारा है। न ओपन एरिया रखा गया और न वेंटिलेशन की कोई व्यवस्था थी। अग्निशमन के लिए जो यंत्र रखे गए थे, उनका भी कर्मचारी उपयोग नहीं कर पाए, क्योंकि उसे कैसे ऑपरेट किया जाता है। यह उन्हें पता नहीं था।
ऊंची बिल्डिंग पर आग बुझाने के इंतजाम नहीं
बुधवार को इंडस्ट्री हाउस के चौथे माले पर लगी आग ने फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी पोल खोल दी। फायर ब्रिगेड विभाग के पास ऊंचाई तक पानी की बौछार करने वाला वाहन ही नहीं है। आग बुझाने के लिए एयरपोर्ट का दमकल बुलाई गई। पड़ोस की बिल्डिंग की ऊंचाई का इस्तेमाल कर चौथे माले की आग बुझाई गई।