इंदौर में बुधवार को उदयातिथि में पुष्य नक्षत्र रहने से सुबह से शाम तक बाजारों में भीड़ रही। इंदौर के सराफा, राजवाड़ा, कपड़ा मार्केट, महारानी रोड सहित अन्य बाजारों में खूब ग्राहकी हुई। एमटीएच कपाउंड व इलेक्ट्रानिक शोरुमों मेें भी जमकर खरीददारी हुई।
लोगों ने पुष्य नक्षत्र में सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन, टीवी, फ्रीज सहित अन्य सामान खरीदे। जीएसटी स्लैब की कमी से 100 से ज्यादा वस्तुएं सस्ती हो गई है। व्यापारी उन उत्पादों पर छूट देकर ग्राहकों को आकर्षित कर रहे है और आटोमोबाइल, इलेक्ट्रानिक आयटम खूब बिक रहे है। सोना-चांदी महंगा है, लेकिन लोग शगुन के तौर पर हल्के वजन के आभूषण व सोने-चांदी के सिक्के खरीद रहे है।
नहीं हटेगी फुटपाथ से दुकानें
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि दीपावली के अवसर पर राजवाड़ा और जहां भी परम्परागत रूप से रेहड़ी और पटरी की दुकानें लगती है, वे त्यौहार के समय में लगी रहेगी। स्वदेशी दीपावली को आगे बढ़ाने के लिए ये दुकानदार दीपावली की उपयोगी वस्तुओं को बेचने के लिए स्वतंत्र है। रिमूवल गैंग सड़कों से उन्हें नहीं हटाएगी।
कृष्णपुरा ब्रिज पर लगा जाम
राजवाड़ा क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित करने के बाद कृष्णपुरा छत्री ब्रिज पर बेरिकेड लगाकर वाहनों को रोक दिया गया। सिर्फ दो पहिया वाहनों को ही जाने दिया जा रहा था। इस कारण ब्रिज के समीप के चौराहे पर दिनभर यातायात बाधित होता रहा। शिवाजी मार्केट की मल्टीलेवल पार्किंग में वाहन रखने की जगह नहीं थी। इस कारण कार चालकों को भी वाहन पार्क करने में परेशानी हुई।