देवास के आदिवासी गांव में वीआईपी झोपडि़यां बनकर क्लब संचालित करने वाले सौरभ बनर्जी की गिरफ्तारी के विरोध में इंदौर में कुछ संगठनों ने रीगल चौराहे पर प्रदर्शन की तैयारी की थी। इस प्रदर्शन का विरोध करने के लिए हिन्दू संगठन भी जमा होने वाले थे, लेकिन पुलिस अफसरों ने दोनो पक्षों से चर्चा कर प्रदर्शन नहीं होने दिया। इससे टकराव टल गया, हालांकि पुलिस ने रीगल तिराहे पर बैरिकेड लगाए थे।
मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा। पिछले दिनों सौरभ इंदौर में आठ युवक-युवतियों के साथ प्रेस काफ्रेंस करने आया था। तब हिन्दू संगठन के पदाधिकारियों ने उनकी पिटाई कर दी थी। कुछ सदस्यों के मुंह पर कालिख भी लगाई गई थी। बाद में देवास पुलिस ने इंदौर आकर सौरभ को गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार को रीगल तिराहे पर हाउल क्लब के सदस्यों के साथ हुई मारपीट और गिरफ्तारी के विरोध में सीपीआई, सीपीएम, समाजवादी पार्टी, एयूसीआई व अन्य सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन की घोषणा की थी। उधर बजरंग दल ने भी सोमवार को रीगल तिराहे पर धर्मांतरण के विरोध में हल्ला बोल प्रदर्शन की घोषणा कर शहर के पदाधिकारियों को एकत्र होने के लिए कहा था।
यदि दोनों तरफ से भीड़ एकत्र होती तो हंगामा हो सकता था। इसे देखते हुए प्रदर्शन न करने की हिदायत पुलिस अफसरों ने दोनो संगठनों को दी। इसके बाद प्रदर्शन करने कोई नहीं आया। रीगल तिराहे पर प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस बल तैनात किया गया था।