नवरात्र मेले के बीच इंदौर के प्रसिद्ध बिजासन माता मंदिर की सीढ़ियों के पास एक ऑटो चालक की हत्या कर दी गई। पुलिस को मंगलवार रात मंदिर की सीढ़ियों के समीप युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। वह मौके पर पहुंची तो देखा कि युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। नवरात्र में मंदिर परिसर में 24 घंटे भीड़ रहती है। इसके बावजूद हत्यारे यहां युवक को मौत के घाट उतार कर चले गए। फिलहाल हत्यारों का सुराग नहीं मिला है। मृतक की पहचान दीपक पिता मोहनलाल किरण, निवासी सिद्धार्थ नगर गांधीनगर के समीप के रूप में हुई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के खंगाल कर पता लगा रही है कि हत्यारे कौन हो सकते हैं। पुलिस को आशंका है कि तात्कालिक विवाद के कारण हत्या की गई है, क्योंकि मृतक के सिर पर वार टेकरी पर पड़े सीमेंट के ब्लाॅक से किया गया। दीपक ऑटो रिक्शा चलाता था। वह रोज घर लौटते समय मंदिर की सीढ़ियों पर रुककर दर्शन करता था। मंगलवार रात भी वह दर्शन के लिए रुका था और उसी समय किसी ने उसकी हत्या कर दी। देर रात हुई वारदात पुलिस को मंगलवार देर रात टेकरी की सीढ़ियों के समीप एक शव पड़ा होने की जानकारी मिली थी। उसकी पेंट की जेब में मिले दस्तावेजों से नाम और घर के पते की जानकारी मिली। बाद में पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचे और हत्या होने की जानकारी दी। रोज रात को दीपक जल्दी घर आ जाता था, लेकिन मंगलवार रात साढ़े 11 बजे तक वह नहीं आया तो पत्नी को चिंता होने लगी थी, लेकिन थोड़ी देर बाद ही हत्या की खबर आ गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पत्नी दीपक को उसके मोबाइल पर काॅल भी कर रही थी, लेकिन उसका मोबाइल बंद था। पुलिस ने शव के समीप से ही दीपक का मोबाइल भी जब्त किया है।