राहुल गांधी के आयोजन के 9 दिन पहले कांग्रेस को रीजनल पार्क मैदान की अनुमति इंदौर विकास प्राधिकरण ने दे दी है, लेकिन इसके लिए 10 लाख 8 हजार रुपये की राशि जमा करने के लिए कहा है। इस आयोजन के लिए 50 हजार वर्गफीट जमीन कार्यक्रम के लिए दी गई है।
किराए के साथ डेढ़ लाख रुपये जीएसटी की राशि भी जोड़ी गई है। आयोजकों को तीन दिन के लिए जमीन सौंपी गई है। इसके अलावा यह शर्त भी रखी गई है कि आयोजन के लिए दूसरे विभागों से भी अनापत्ति लेना होगी और सुरक्षा का ध्यान भी रखना होगा।
इंदौर विकास प्राधिकरण ने इसके लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे को एक पत्र भेजा। इसमें कहा गया कि रीजनल पार्क के सामने 50 हजार वर्गफीट भूमि तीन दिन के लिए दी गई है। अफसरों ने 50 हजार वर्गफीट जमीन के लिए अस्थायी लीज के लिए 2 लाख 84 हजार रुपये प्रति दिन के हिसाब से तय किए हैं। तीन दिन के लिए यह राशि 8 लाख 52 हजार रुपये हो गई और डेढ़ लाख रुपये जीएसटी के जोड़े गए। इस तरह 10 लाख 8 हजार रुपये की राशि मांगी गई।
पत्र में पैसा जमा करने के बाद ही अनुमति जारी करने की बात कही। शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने बताया कि राशि जमा कर दी गई है और अनुमति भी मिल गई है। राहुल गांधी के आयोजन के लिए अब तक डेढ़ लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। पहले कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम की जमीन मांगी थी, लेकिन नगर निगम ने कोर्ट का हवाला देते हुए उसे देने से इनकार कर दिया। फिर रीजनल पार्क मैदान के सामने आयोजन करने का फैसला लिया गया।