दशहरा मैदान पर आयोजित रोजगार मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को किया। वे दोपहर में मैदान पहुंचे और पांडाल में मौजूद लोगों पर फूल बरसाए। उन्होंने कार्यक्रम में कहा कि देश में विविधताएं है, लेकिन सबसे बड़ी ताकत देश की एकता है। हमारा देश किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन यदि कोई छेड़े तो फिर उसे छोड़ता भी नहीं है। यह बदलते वक्त का भारत है। इसे मोदी सरकार ने साबित कर दिया।
सरकार का फोकस रोजगार पर
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों का प्रतिशत आबादी की तुलना में कम है। हमने कहा कि हम एक लाख सरकारी नौकरियां देने वाले है। सब विभागों को मिला लिया जाए तो प्रदेश में दस लाख सरकारी नौकरियांं है।
मंत्री गौतम टेटवाल ने कहा कि शिक्षा के बाद रोजगार के बेहतर विकल्पों के लिए रोजगार मेले मददगार होते है। हमारी सरकार भी प्रदेश के शिक्षित युवक-युवतियों की चिंता करती है। इस कारण यह मेला आयोजित किया गया।
मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने रोजगार मेेले की जानकारी देते हुए कहा कि हमारी कोशिश है कि प्रदेश के युवकों को रोजगार मिले। इसमें कई विभागों ने सहभागिता की है। यह मेला संभाग के युवाजनों को उनके भविष्य को बनाने में मददगार साबित होगा।
हम विश्व बिरादरी का सम्मान करते है
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि हमारी केंद्र और प्रदेश सरकार का फोकस रोजगार पर है। कोई भी योजना बनती है तो युवा का ध्यान रखा जाता है। हमारी सरकार ने दो माह पहले इन्वेस्टर्स समिट आयोजित की थी। उसमे भी रोजगार के अवसर मुहैया कराए।