इंदौर में एक अप्रैल से नई गाइडलाइन
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर में एक अप्रैल से कलेक्टर गाइडलाइन में बदलाव होने जा रहा है। पूरे जिले में 3226 लोकेशनों पर नई गाइडलाइन के हिसाब से पंजीयन होंगे। इस बदलाव से प्राॅपर्टी के कीमतों में भी वृद्धि होगी। पहले जुलाई में गाइडलाइन बढ़ने वाली थी, लेकिन उसे प्रदेश सरकार ने मंजूरी नहीं दी। कलेक्टर गाइडलाइन में 240 नई काॅलोनियां भी जुड़ी है।
पंजीयन विभाग ने सालभर हुए सौदों का आंकलन करते हुए उन इलाकों को चुना है, जहां कलेक्टर गाइडलाइन में बदलाव किया गया। शनिवार को जिला मूल्याकंन समिति की बैठक में इस विषय पर चर्चा हुई। इंदौर में कुल4680 लोकेशन है।
जिसमें से समिति ने इंदौर के 3226 लोकेशनों पर प्राॅपर्टी गाइड लाइन बढ़ाने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई है। इनमें ज्यादातर इलाके बाइपास और शहरी सीमा से सटे हुए है, जो नगर निगम सीमा में शामिल हो चुके है। नई काॅलोनियों और टाउनशिपों में पिछले साल नगर निगम ने भी संपत्तिकर बढ़ाया है।इन इलाकों में दस से लेकर पचास प्रतिशत तक प्राॅपर्टी गाइड लाइन में इजाफा होगा। जिन क्षेत्रों में सालभर में सबसे ज्यादा रजिस्ट्री हुई और वर्तमान कलेक्टर गाइडलाइन से ज्यादा कीमत पर सौदे हुए।
जमीनों के भाव में सबसे ज्यादा तेजी खंडवा रोड के आसपास के क्षेत्रों में देखी गई,क्योकि यहां छहलेन मार्ग हो रहा है। इसके अलावा सुपर काॅरिडोर, हातोद, गोम्मटगिरी अौर बाइपास के इलाकों की प्राॅपर्टी गाइड लाइन बढ़ सकती है।
3226 लोकेशनों पर वृद्धि
पंजीयन के कार्यालय इंदौर एक में 531,इंदौर दो में 596, इंदौर तीन में 658, इंदौर चार में 425, महू में 429, सांवेर में 348,देपालपुर में 329 लोकेशनो पर गाइडलाइन बदली है। अब समिति के इस प्रस्ताव को प्रदेश सरकार को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही एक अप्रैल से नई गाइडलाइन के हिसाब से पंजीयन विभाग में रजिस्ट्रियां होगी।