अपने माता-पिता के साथ गुजरात से इंदौर आई छह साल की बच्ची का शव शिवसागर काॅलोनी के पीछे नाले में सोमवार दोपहर को मिली। छह साल की लक्षिका दो दिनों से लापता थी। मानसिक रुप से कमजोर बच्ची कुछ बोल नहीं पाती थी।
बच्ची अपने माता-पिता के साथ दादा-दादी से मिलने आई थी। दो दिनों से पुरा परिवार उसे खोज रहा था। थाने में बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी लिखाई गई थी। दोपहर में काॅलोनी के पीछे नाले के किनारे एक शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक लक्षिका के परिजन भी पहुंच गए थे।
मृत बेटी का शव देख माता-पिता का हाल बुरा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा और जांच शुरू की। अफसरों का कहना है कि जिस जगह बच्ची का शव मिला। वहां काॅलोनी की बाउंड्रीवाॅल टूटी है। संभवत: वहां से बच्ची नाले की तरफ आई और नाले में डूबने से उसक मौत हो गई।
दोपहर में घर से लापता हो गई थी बच्ची
जीवन मीणा अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ अपने माता-पिता के यहां शिवसागर सिटी रहने आए थे। शनिवार दोपहर उनकी पत्नी शालिनी काॅलोनी के ब्यूटी पार्लर गई थी और बेटी को बेटे का पास छोड़ गई थी।
कुछ देर बाद शालिनी ने बेटे को काॅल किया और कहा कि बेटी के बाल कटवाना है। उसे ब्यूटी पार्लर पर छोड़ दे, लेकिन लक्षिका घर पर नहीं मिली। शाम तक खोजने के बाद परिजनों ने थाने पर जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बच्ची का शव मिलने के बाद पुलिस काॅॅलोनी के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि बच्ची हादसे का शिकार हुई है, या उसे कोई ले गया।