इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले राहुल गांधी के आयोजन का अनुमति पत्र इंदौर विकास प्राधिकरण ने दस लाख रुपये जमा किए जाने के बाद जारी कर दिया है। अनुमति पत्र में प्राधिकरण ने पांच शर्तों का जिक्र भी किया है, जिन्हें आयोजकों को पूरा करना होगा।
प्राधिकरण ने कहा कि आयोजन के लिए सिर्फ जमीन उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाएं आयोजक को ही करना होंगी। इसके अलावा अन्य विभागों से भी कार्यक्रम को लेकर अनापत्ति पत्र प्राप्त करना होंगे। ध्वनि विस्तारक यंत्र की अनुमति अलग से संबंधित विभाग से लेनी होगी।
प्राधिकरण की भूमि अस्थायी लीज पर तीन दिन के लिए दी गई है। यदि इसके बाद भी भूमि का उपयोग किया जाता है तो अतिरिक्त दिनों का लीज रेंट भी देना होगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि उन्हें अनुमति पत्र मिल चुका है। आयोजन के लिए मांगी गई राशि हमारे द्वारा जमा की जा चुकी है। कांग्रेस नेता अन्य विभागों से भी आयोजन को लेकर अनापत्ति पत्र ले रहे हैं। आयोजन के लिए इवेंट एजेंसी के प्रतिनिधि भी इंदौर आ चुके हैं।
पुलिस विभाग ने भी की तैयारी
आयोजन को लेकर पुलिस अफसरों की बैठक भी हो चुकी है। आयोजन के लिए पुलिस बल भी तैनात रहेगा, ताकि यातायात बाधित न हो सके। पुलिस अफसरों का आकलन है कि आयोजन में 25 से 30 हजार की भीड़ जुटेगी।