इंदौर के पांच नंबर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ने आने वाले जंजीरवाला-मालवा मिल रोड पर बुधवार को प्रशासन और ट्रैफिक विभाग की टीम सड़कों से अतिक्रमण हटाने गई। यहां फुटपाथ से दो-तीन फुट आगे तक अतिक्रमण कई दुकानदारों ने कर रखा था और शेड भी लगाए गए थे।
शाम चार बजे एसडीएम प्रदीप सोनी, रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे ने जेसीबी से अतिक्रमण हटाना शुरू किए। मुहिम का दुकानदारों ने विरोध शुरू कर दिया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के कारण दुकानदार अफसरों पर दबाव नहीं बना पाए। दुकानदारों ने क्षेत्रीय विधायक महेंद्र हार्डिया को फोन लगाया। उन्हें आने में थोड़ी देर हो गई।
तब तक सड़क के बड़े हिस्से को टीम अतिक्रमण मुक्त कर चुकी थी और अंधेरा होने के कारण टीम लौट गई। इसके बाद विधायक हार्डिया मौके पर पहुंचे और एमआईसी सदस्य नंदू पहाडि़या ने एसडीएम सोनी को फोन लगाया और हार्डिया से उनकी बात कराई।
विधायक ने कहा कि कलेक्टर से मेरी बात हो गई। हम फुटपाथ खाली करा देंगे, लेकिन आप तो उसके बाद के अतिक्रमण भी हटा रहे हो। मैं तुमसे बात करना चाह रहा था, लेकिन तुम तो बात ही नहीं करते। कलेक्टर बात कर लेते है, एसडीएम बात ही नहीं करता। कलेक्टर से बड़े हो गए क्या? इसके बाद हार्डिया बोले कि क्षेत्र के जोनल अधिकारी को हम जूते मारेंगे। आप तो निशान लगाए दो। हम अतिक्रमण हटवा देंगे।