कांग्रेस ने इंदौर से लोकसभा टिकट को फाइनल कर दिया है। अक्षय कांति बम इंदौर से चुनाव लड़ेंगे। वह जैन समाज में अच्छी पकड़ रखते हैं और एक शिक्षाविद के रूप में उनकी शहर में पहचान है।
विधानसभा चुनाव के दौरान भी अक्षय कांति बम ने कांग्रेस से टिकट की दावेदारी की थी। विधायक मालिनी गौड़ के क्षेत्र चार नंबर से वे टिकट की मांग कर रहे थे। इसके लिए जैन समाज के कई बड़े नेताओं ने भी उनके लिए कोशिश की थी। अक्षय कांति बम की पहचान शहर में एक प्रमुख शिक्षाविद के रूप में है। इसके अलावा युवाओं में उनकी खासी लोकप्रियता है और जैन समाज के अधिकांश संगठनों में हुए लंबे समय से सक्रिय हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान जैन समाज के लोगों को भाजपा और कांग्रेस से टिकट न मिलने के कारण समाज के लोगों ने कई स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए थे। विधानसभा चुनाव में इंदौर से स्वप्निल कोठारी, अरविंद बागड़ी और अक्षय कांति बम तीनों ही जैन समाज के प्रमुख दावेदार चेहरों के रूप में उभरे थे। तीनों ने कांग्रेस से टिकट मांगी थी लेकिन तीनों को ही टिकट नहीं मिल पाई थी। इस वजह से अब लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने जैन समाज के दावेदार को टिकट देकर समाज के वोटरों को अपनी ओर आकर्षित करने का प्रयास किया है।