इंदौर के एरोड्रम क्षेत्र में मेट्रो निर्माण के लिए रखे डिवाइडर से टकराकर 44 वर्षीय व्यापारी कमल वागेला गंभीर रूप से घायल हो गए। एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दुखद सड़क दुर्घटना घटित हुई, जिसमें एक स्थानीय व्यापारी की जान चली गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क पर मेट्रो निर्माण कार्य के लिए रखे गए डिवाइडर से तेज रफ्तार में टकराने के कारण व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों की मदद से उन्हें महाराजा यशवंतराव अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
रात में घर लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 44 वर्षीय कमल वागेला, पिता दुर्गाशंकर वागेला, निवासी महावीर कृष्ण एवेन्यू के रूप में हुई है। घटना की रात लगभग 12 बजे कमल अपने कुछ परिचितों और दोस्तों के साथ वापस अपने घर की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनके साथी अपने-अपने घरों की ओर मुड़ गए। इसके कुछ ही पलों बाद, घर से महज कुछ दूरी पर कमल इस भीषण हादसे का शिकार हो गए। राहगीरों ने जब उन्हें लहूलुहान हालत में देखा तो तुरंत एम्बुलेंस और पुलिस को सूचना दी और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों के गंभीर आरोप
दुर्घटना का शिकार हुए कमल हेयर कॉस्मेटिक व्यवसाय से जुड़े हुए थे। उनके परिवार में दो बेटियां, एक बेटा और पत्नी हैं। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सदस्यों का आरोप है कि मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर बिना उचित संकेतक के रखे गए डिवाइडर के कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास मौजूद सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की वास्तविक स्थिति साफ हो पाएगी।