इंदौर में एक तरफ जहां बीआरटीएस हटाने की तैयारी हो रही है, वहीं दूसरे रुटों पर लोक परिवहन बस की सुविधाएं बढ़ाने के लिए भी निर्णय लिए जा रहे है। एआईसीटीएसएल की बोर्ड बैठक में गुरुवार को तय हुआ है कि इंदौर के कुछ रुटों पर लग्जरी एसी बसें चलाई जाएंगी। इसका किराया थोड़ा ज्यादा हो सकता है, लेकिन यात्रियों का सफर सुविधाजनक होगा। यह बसें इलेक्ट्रानिक होंगी।
इंदौर के पर्यटन स्थलों से जोड़ने वाले रुटों को इस पर चलाया जाएगा,ताकि इंदौर आने वाले यात्री इन बसों का इस्तेमाल कर सके। इसके अलावा शहर के नए रुटों पर भी बसों का संचालन किया जाएगा और व्यस्त रुटों पर यात्री बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। बैठक में एआईसीटीएसएल बोर्ड के उपाध्यक्ष दीपक सिंह, निदेशक एवं जिलाधीश आशीष सिंह, प्रबंध निदेशक एवं निगमायुक्त शिवम वर्मा, निदेशक एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी आई डी ए रामप्रकाश अहिरवार और ए आई सी टी एस एल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांक सिंह मौजूद थे।
यह खबर भी पढ़ें- इंदौर में बैंक को मिली बम से उड़ाने की धमकी,कहा-दो बजे धमाके से उड़ जाएगा बैंक
बीस बस स्टाॅप हटेंगे, चालीस नए बनेंगे
बीआरटीएस की बस लेन में बने बीस बस स्टाॅपों को हटाया जाएगा। इसके बदले सड़क के दोनों तरफ चालीस नए बस स्टाॅप बनेंगे। बीआरटीएस पर अब मिक्स लेन में बसों का संचालन होगा और वे इन नए बस स्टाॅपों पर रुकेंगी। वर्तमान में जो बसें इंदौर के बीआरटीएस पर चलती हैं। उनके दरवाजे बस स्टाॅप की ऊंचाई के हिसाब से डिजाइन किए गए हैं। उसका ध्यान भी नए बस स्टेशनों को बनाने में रखा जाएगा।