इंदौर में कान्ह नदी को लेकर कई योजनाएं बनी, धरती पर भी आई, लेकिन नदी की गंदगी साफ नहीं हो पाई। अब नगर निगम रामबाग चौराहा से अहिल्या आश्रम ब्रिज तक एक किलोमीटर लंबाई में रिवर फ्रंट तैयार कर रहा है। इस प्रोजेक्ट के लिए 22 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई।
मेयर पुष्य मित्र भार्गव ने बताया कि इसके अलावा एप के माध्यम से कचरा वाहन बुलवाने की सुविधा भी शहरवासियों को मिलेगी। खराब आइल से इधन और पुराने कपड़े से धागा बनाने के प्लांट को भी मंजूरी दी गई है। एक अहम फैसला शहर के पिपलियापाला उद्यान को लेकर हुआ। इसका संचालन अब निजी हाथों को सौंपा गया है।
सराफा चौपाटी में रहेगी 80 दुकानें
बैठक में सराफ चौपाटी को लेकर भी चर्चा हुई। पिछले साल सराफा चौपाटी को लेकर कमेटी ने रिपोर्ट दी थी। बैठक में तय हुआ कि चौपाटी में परंपरागत 80 खान-पान की दुकानें रहेगी। उनका नगर निगम रजिस्ट्रेशन भी करेगा। कम दुकानें होने के कारण सुरक्षा का अधिक ध्यान रखा जा सकेगा।
चंदन नगर लिंक रोड़ बनेगी
चंदन नगर लिंक रोड के निर्माण को भी बैठक में मंजूरी दी गई। अब जल्दी ही बाधक हिस्से हटाए जाएंगे। अमृत 2 योजना के अंतर्गत 29 गांवों में ड्रेनेज लाइन बिछाने का प्रस्ताव पारित किया गया। पश्चिम क्षेत्र में भी नई ड्रेनेज लाइन डाली जाएगी।
शहर में पीपीपी मॉडल पर पार्क बनेगा और प्राणी संग्रहालय परिसर में एक्वेरियम बनाने की योजना को स्वीकृति दी गई है। निगम ने 500 करोड़ रुपये का ऋण लेने की मंजूरी दी है ताकि विभिन्न योजनाएं समय पर पूरी की जा सकें। एम्यूजमेंट पार्क और अन्य विकास परियोजनाएं भी इसमें शामिल रहेंगी। गणेशगंज मामले की रिपोर्ट भी बैठक में पेश की गई, जिसमें दोषियों को भविष्य में सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।