नई सड़क के लिए फिर हटे 130 बाधक निर्माण
- फोटो : amarujala
इंदौर में नायता मुंडला से स्टार चौराहा तक बनाई जा रही आरई-2 सड़क के लिए शुक्रवार को बचे 130 बाधक निर्माण भी तोड़ दिए गए। अब इस हिस्से में सड़क निर्माण का काम शुरू होगा। इस सड़क के बनने से रिंग रोड और बायपास पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। पूर्वी क्षेत्र को भी आठ किलोमीटर लंबी सड़क की सौगात मिलेगी। फिलहाल स्टार चौराहा से खजराना तक सड़क का एक हिस्सा बन चुका है।
शुक्रवार सुबह नगर निगम की रिमूवल गैंग आठ जेसीबी और 100 से ज्यादा श्रमिकों के साथ मौके पर पहुंची। अमले ने मकानों में रह रहे लोगों को गृहस्थी का सामान निकालने के लिए समय दिया। इस बार शिव नगर से बाधक निर्माण हटाए गए। अब तक इस सड़क के लिए अलग-अलग हिस्सों में 400 से ज्यादा निर्माण हटाए जा चुके हैं।
गत दिनों 200 से ज्यादा बाधक हिस्सों को तोड़ने के दौरान बस्तीवासियों ने नगर निगम कर्मचारियों पर पथराव कर दिया था। इसमें दो निगमकर्मी घायल हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को हटाया था। फिर पुलिस बल की मौजूदगी में निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई थी। पिछली घटना को देखते हुए इस बार मौके पर ज्यादा पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस जवान लोगों की भीड़ जमा नहीं होने दे रहे थे। ज्यादातर निर्माण कच्चे होने के कारण उन्हें तोड़ने में ज्यादा समय नहीं लगा।
मौके पर पहुंचे निगमायुक्त
कार्रवाई के दौरान निगमायुक्त क्षितिज सिंघल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए सड़क निर्माण से प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान दिए जा चुके हैं, लेकिन उन्होंने अपने पुराने मकान खाली नहीं किए थे। ऐसे निर्माणों को रिमूवल अमले ने हटाया है। अब मास्टर प्लान में तय चौड़ाई के अनुसार सड़क बनाई जाएगी।