इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले टी-20 मुकाबले के लिए मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने टिकटों की दरें घोषित कर दी हैं। मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। खेल प्रेमियों के लिए न्यूनतम टिकट दर 1 हजार रुपए रखी गई है, जबकि अधिकतम दर 12 हजार 500 रुपए निर्धारित की गई है। टिकटों की ऑनलाइन बिक्री का जिम्मा विशेष रूप से डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो को सौंपा गया है। एसोसिएशन के नियमों के अनुसार एक व्यक्ति अधिकतम चार टिकट ही खरीद सकेगा। हालांकि, टिकटों की बिक्री किस तारीख से शुरू होगी, इसका खुलासा एसोसिएशन द्वारा आने वाले दिनों में किया जाएगा। इसके अतिरिक्त छात्रों और दिव्यांग वर्ग के लिए दी जाने वाली रियायती टिकटों की दरों और वितरण प्रक्रिया की जानकारी भी अलग से जारी की जाएगी।
सोशल मीडिया पर फर्जीवाड़ा रोकने के लिए क्राइम ब्रांच की पहल
टी-20 मुकाबले को लेकर दर्शकों के बढ़ते क्रेज के बीच सोशल मीडिया पर अवैध रूप से टिकट बेचने और धोखाधड़ी के मामले सामने आने लगे हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए इंदौर क्राइम ब्रांच ने कड़ा रुख अपनाया है और आम जनता के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। एडिशनल डीसीपी क्राइम इंदौर राजेश दंडोतिया ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले किसी भी भ्रामक विज्ञापन या अनधिकृत दावों के बहकावे में न आएं। पुलिस का कहना है कि बड़े आयोजन का फायदा उठाने के लिए साइबर अपराधी सक्रिय हो चुके हैं और विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर मैच की टिकटों को लेकर फर्जी तारीखें और झूठे वादे पेश कर रहे हैं।
अधिकृत माध्यमों पर ही भरोसा करें
क्राइम ब्रांच ने स्पष्ट किया है कि क्रिकेट प्रेमी केवल एमपीसीए के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज, प्रेस विज्ञप्ति और अधिकृत मीडिया स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। चूंकि इस आयोजन के लिए डिस्ट्रिक्ट बाय जोमैटो को ही अधिकृत टिकटिंग पार्टनर नियुक्त किया गया है, इसलिए अधिकृत घोषणा होने के बाद केवल इसी माध्यम से टिकट खरीदना सुरक्षित रहेगा। पुलिस ने नागरिकों को ताकीद की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति को ऑनलाइन पैसे न भेजें और संदिग्ध लिंक्स पर क्लिक करने से बचें। सोशल मीडिया पर टिकटों की कालाबाजारी करने वालों और गलत सूचनाएं फैलाने वालों पर साइबर सेल की पैनी नजर है। फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।