Indore News: चंदन नगर थाना क्षेत्र में हज कमेटी अध्यक्ष की रेंज रोवर कार में नशेड़ियों ने तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र की ग्रीन पार्क कॉलोनी में भाजपा हज कमेटी अध्यक्ष की रेंज रोवर डिस्कवर कार में नशेड़ियों द्वारा तोड़फोड़ की घटना सामने आई। यह घटना 15 जनवरी की रात लगभग 1 बजे हुई, जब अध्यक्ष रशीद पिता अमीन शेख अपने परिवार के साथ घर लौटे थे।
विज्ञापन
देर रात में हुई घटना
देर रात होने के कारण परिवार गहरी नींद में सो रहा था, तभी अचानक गाड़ी का कांच टूटने की तेज आवाज आई। रशीद जब तक घर से बाहर आए, तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस ने दो दिन तक आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और कुछ अज्ञात बदमाशों की पहचान की।
पुरानी रंजिश में हुआ हमला
फुटेज के आधार पर पुलिस ने स्कीम 71 में रहने वाले इलियास पठान को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथियों रेहान और फैजान की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपी इलियास को शनिवार को एसीपी अन्नपूर्णा के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे सेंट्रल जेल भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश में यह हमला किया गया है। आरोपियों ने पूरी योजना के साथ रशीद की कार पर हमला किया और फिर वहां से भाग गए। हालांकि पुलिस इस बात को पता कर रही है कि क्या यह सच में कोई पुरानी रंजिश का मामला था या फिर नशे में डर फैलाने के उद्देश्य से की गई घटना थी।