दूषित खाने के बाद अस्पताल में भर्ती छात्राएं।
- फोटो : amar ujala digital
इंदौर की एक निजी यूनिवर्सिटी की 15 से ज्यादा छात्राएं दूषित खाना खाने से बीमार हो गईं। उल्टी, दस्त और कमजोरी की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूषित खाने की जानकारी मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर सैंपल लिए। सैंपल को जांच के लिए भेजा। छात्राओं की हालत खतरे से बाहर है। कुछ छात्राएं अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुकी हैं।
राऊ स्थित सेज यूनिवर्सिटी की छात्राएं दूषित खाने के बाद बीमार पड़ गईं। छात्राओं का कहना है कि उन्होंने रात को मेस में भोजन किया था, उसके बाद से ही कुछ छात्राओं को उल्टी दस्त होने लगी थी, लेकिन सुबह 15 से ज्यादा छात्राओं ने तबीयत खराब होने की शिकायत हॉस्टल प्रबंधन को की गई।
मेस नहीं, होटल के खाने से बीमार हुईं
उधर, हॉस्टल प्रबंधन का कहना है कि कुछ छात्राओं ने किसी होटल से खाना मंगवाया। होटल का खाना खाने से छात्राएं बीमार हुई हैं। हॉस्टल में 200 से ज्यादा छात्राएं हैं। यदि मेस का खाना खराब होता तो सभी को परेशानी होती, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। दूषित खाने के बाद बीमार हुई छात्राएं ठीक हैं। कुछ की अस्पताल से छुट्टी भी हो गई है।