संचालक के पूछताछ करते पुलिस अफसर
- फोटो : SOCIAL MEDIA
आयुष्मान खुराना की फिल्म ड्रीमगर्ल की तर्ज पर इंदौर में गोरखधंधा हो रहा था। फर्क इतना है कि यहां कोई पुरुष महिला की आवाज में नहीं बोल रहा था, जबकि लड़कियां ही मोहजाल में लड़कों को फंसा रही थी। मीठी-मीठी बातें कर लड़कों को फंसाती। फिर उनसे बैंक खातों में पैसे डलवाती। पुलिस ने छापा मारकर ऐसे कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
मामला इंदौर के विजय नगर पुलिस थाना क्षेत्र का है। यहां ड्रीमगर्ल नाम से एक कॉल सेंटर का संचालन होता है। उसके संचालक अतुल कुमार बोरकर के खिलाफ युवती ने छेड़छाड़ की शिकायत की थी। पुलिस जांच के लिए पहुंची तो नया ही कांड सामने आ गया। वहां ड्रीमगर्ल कॉल सेंटर चल रहा था। इस काॅल सेंटर में संचालक ने दस से अधिक लड़कियों को नौकरी पर रखा हुआ था। लड़कों को काॅल कर लड़कियां मीठी-मीठी बातें से रिझाती थी। दोस्ती के बहाने बैंक खातों मेें रुपये डलवाती थी। काॅल सेंटर का नाम ड्रीमगर्ल काॅल सेंटर है। संचालक खुद लड़कियों के मोबाइल रिचार्ज करवाता था और अकाउंट में पैसे आने के बाद मोटी रकम भी देता था। यहां तीन थानों की पुलिस ने छापा मारा। तब दस से ज्यादा लड़कियां काल सेंटर में बैैठी हुई थी।
कॉल सेंटर कर्मचारी ने ही की थी शिकायत
पुलिस ने कॉल सेंटर पर काम करने वाली लड़कियों से पूछताछ की। कई दस्तावेज भी जब्त किए हैं। इस काॅल सेंटर पर काम करने वाली एक लड़की ने शिकायत की थी कि उसके साथ संचालक ने छेड़छाड़ की है। संचालक पर छेड़छाड़ का केस दर्ज किया गया है। काॅल सेंटर पर मौजूद एक महिला से भी पुलिस ने पूछताछ की है।
महिला भी सहयोग करती है संचालक की
जिस महिला से पुलिस ने पूछताछ की है, वह संचालक अतुल की दोस्त है। काॅल सेंटर चलाने में मदद करती थी। काॅल सेंटर मेें काम करने वाली लड़कियों से घंटों तक लड़कों से बात कराई जाती थी। जब वे पूरी तरह झांसे में आ जाते थे तो फिर एक अकाउंट नंबर देकर मदद के बहाने उनसे पैसे मांगे जाते थे। संचालक के खाते की जानकारी भी निकलवाई जा रही है। ताकि यह पता चल सके कि उसने काॅल सेंटर के जरिए कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया।