मारपीट में घायल ड्राइवर। पुलिस और ड्राइवर्स के बीच हाथापाई।
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल के दौरान इंदौर में विवाद हो गया। पुलिस और ड्राइवरों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस का कहना है कि ड्राइवरों ने एक ट्रक का कांच फोड़ दिया, जिसके बाद लाठीचार्ज करना पड़ा।उधर, ड्राइवरों का आरोप है कि पुलिस ने बल प्रयोग किया और इसमें एक ड्राइवर का घुटना टूट गया।
विवाद इंदौर के मांगलिया डिपो पर हड़ताल के दौरान हुआ। इसका वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है। हिट एंड रन मामले में केंद्र सरकार द्वारा नया कानून बनाने पर ड्राइवर इसका विरोध कर रहे हैं। पहले यदि किसी कारणवश दुर्घटना हो जाती थी तो ड्राइवर की प्राथमिक रूप से थाने से ही जमानत हो जाती थी। सजा भी दो साल ही थी, लेकिन अब नए नियमानुसार दुर्घटना के बाद ड्राइवर घायल व्यक्ति को छोड़कर चला जाता है और किसी की मृत्यु हो जाती है तो ड्राइवर को 10 साल का कारावास एवं सात लाख रुपये का अर्थदंड भरना होगा।
तीन जनवरी तक हड़ताल
इस कानून के विरोध में एक जनवरी से तीन जनवरी 2024 तक तीन दिन ट्रांसपोर्टर, चालक एवं परिचालकों ने हड़ताल का एलान किया है। इसमें ड्राइवरों से अपील की गई है कि वे दुर्घटना के लिए बने नए कानून के विरोध एवं सुधार की मांग करें और किसी भी प्रकार के वाहन न चलाएं, ताकि यह हड़ताल सफल हो सके।
ड्राइवरों की अपनी परेशानी
ड्राइवरों का कहना है कि नए कानूनों के तहत कोई ड्राइवर कैसे गाड़ी चलाएगा? एक तो पेमेंट का ठिकाना नहीं है। जिस ड्राइवर की कमाई ही मात्र पांच से दस हजार रुपये के बीच है तो वह हादसा होने पर सात लाख रुपये की जुर्माना राशि कैसे भरेगा?