तीन नंबर में बढ़ गए टिकट के दावेदार।
- फोटो : amar ujala digital
शहर के तीन नंबर विधानसभा क्षेत्र से पांच साल पहले अपने राजनीतिक करियर की शुरूआत करने वाले आकाश विजयवर्गीय का फिर चुनाव लड़ने का दावा पिता कैलाश विजयवर्गीय को एक नंबर विधानसभा क्षेत्र से टिकट मिलने के साथ कमजोर हो गया। इसके बाद तीन नंबर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक समीकरण तेजी से बदले हैं। कांग्रेस में पहले पिंटू जोशी टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन अब अरविंद बागड़ी भी टिकट पाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं।
उधर, पूर्व विधायक अश्विन जोशी ने भी फिर से टिकट के लिए फिल्डिंग जमाना शुरू कर दी है। वे लगातार 15 साल इस सीट से विधायक रह चुके हैं। अश्विन जोशी सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से मिलने भोपाल भी गए थे।
इधर, भाजपा में भी गोपीकृष्ण नेमा के साथ उषा ठाकुर का नाम भी दावेदारों की सूची में सबसे आगे है। नेमा को 15 साल पहले पार्टी ने टिकट दिया था, लेकिन वे एक हजार वोटों के अंतर से चुनाव हार गए थे। योग्य स्थानीय उम्मीदवार नहीं होने से भाजपा पिछले 10 वर्षों से बाहरी उम्मीदवार को टिकट दे रही है। इस बार भी स्थानीय उम्मीदवार संगठन की नजर में ज्यादा दमदार नजर नहीं आ रहे हैं। पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन के पुत्र मंदार महाजन का नाम भी दावेदारों की सूची में है, लेकिन वे पहले से इस विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय नहीं हुए।
वैश्य वोट बैंक के भरोसे बागड़ी
तीन नंबर विधानसभा क्षेत्र के दो वार्डों में वैश्य समाज का वोट बैंक है। उसके भरोसे बागड़ी टिकट मांग रहे हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में पौने दो लाख वोटर हैं। उनमें से 25 हजार से ज्यादा अल्पसंख्यक हैं। उधर, इस विधानसभा क्षेत्र में जोशी परिवार की पैठ रही है, लेकिन बीते 10 वर्षों से यहां भाजपा के उम्मीदवार जीत रहे हैं।