Indore News: इंदौर के आरटीओ रोड पर एक निर्माणाधीन बंगले में खेलते हुए 10 वर्षीय बच्चे की ऊपरी मंजिल से गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। मासूम बलराम को बचाने की कोशिश के बावजूद डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
इंदौर के आरटीओ रोड स्थित एक निर्माणाधीन बंगले में हुई दर्दनाक घटना में 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बलराम (10) पुत्र नरेंद्र लोधी शनिवार शाम को बंगले में खेलते हुए ऊपरी मंजिल पर चला गया, जहां डक से फिसलने के कारण वह नीचे गिर गया।
विज्ञापन
मजदूरों ने मां को दी जानकारी
घटना के समय वहां मौजूद मजदूरों ने बच्चे को गिरते हुए देखा और तत्काल उसकी मां को जानकारी दी। गंभीर हालत में बलराम को तुरंत एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां वेंटिलेटर पर रखने के बावजूद देर रात उसकी मौत हो गई। अन्नपूर्णा पुलिस के अनुसार, बलराम के कान से खून बह रहा था, और घटना के बाद से उसे होश नहीं आया। बच्चे का परिवार पिछले 7 वर्षों से इंदौर की व्हाइट फील्ड कॉलोनी में रहकर चौकीदारी का काम कर रहा है।
पिता दूसरी साइट पर कर रहे थे मजदूरी
पिता नरेंद्र लोधी मजदूरी करते हैं और घटना के समय दूसरी साइट पर काम कर रहे थे। मां और छोटी बहन घर पर थीं, जब यह दर्दनाक हादसा हुआ। बलराम का मूल निवास दामोह जिले के पथरिया खजूरी ग्राम में है। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।