क्या आपके साथ कभी ऐसा हुआ कि जिस कार से आप जा रहे हो उसके सामने दूसरी कार आए जिसका नंबर हूबहू आपकी कार जैसा हो। अमूमन ऐसा होता नहीं लेकिन इंदौर में यह हुआ है। यहां दो कारों के एक जैसे नंबर मिले हैं। पुलिस भी देखकर हैरान हो गई। बाद में पता चला कि एक कार के नंबर फर्जी है। अब उसकी तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक इंदौर के रसोमा चौराहे पर दो कारें जा रही थी। मामला पुलिस तक पहुंचा, जिस कार के नंबर फर्जी थे उसका चालक कार छोड़कर भाग गया। पुलिस ने तलाशी ली तो उस कार के अंदर से हरियाणा पासिंग की नंबर प्लेट मिली। पुलिस ने इस कार को जब्त किया है। बताया जा रहा है कि स्कीम नंबर-78 निवासी राजेंद्र गुप्ता कार (एमपी-09-डब्ल्यूई 2667) से परिवार के साथ जा रहे थे। अचानक उन्होंने सामने से आ रही कार देखी जिस पर हूबहू वही नंबर थे जो उनकी कार में है। उन्होंने तत्काल कार से उतरकर दूसरी कार को रोका और पुलिस को बुलाया। दूसरी कार का चालक मोबाइल पर बात करने का बहाना बनाकर भाग गया। इसी बीच पुलिस आई औऱ कार की तलाशी ली। कार में से हरियाणा पासिंग की नंबर प्लेट मिली। पुलिस इस कार को जब्त करके थाने ले गए। पुलिस इसके मालिक की तलाश कर रही है और पता लगा रही है कि कार पर गलत नंबर प्लेट क्यों लगाई गई थी।