पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन का संचालन जल्द ही दोबारा शुरू होने जा रहा है।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश की एकमात्र पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन का संचालन जल्द ही दोबारा शुरू होने जा रहा है। रेलवे ने गुरुवार दोपहर पातालपानी से कालाकुंड के बीच इस ट्रेन का सफलतापूर्वक ट्रायल रन किया। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक का निरीक्षण करने के साथ ट्रेन के डिब्बों और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उम्मीद है कि शनिवार से यह ट्रेन पर्यटकों के लिए उपलब्ध हो जाएगी। निरीक्षण के बाद नियमित संचालन जल्द शुरू होने की संभावना है।
डिब्बों का रखरखाव और विशेष कोच
इससे पहले, रेलवे ने हेरिटेज ट्रेन के सभी छह कोच रखरखाव के लिए बीकानेर भेजे थे। मरम्मत के बाद ये कोच पिछले सप्ताह इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से रेल प्रशासन मालगाड़ी के माध्यम से कोचों को पातालपानी रेलवे स्टेशन लाया। स्टेशन पर दो भारी क्रेनों की मदद से कर्मचारियों ने सभी कोचों को मालगाड़ी से उतारकर रेलवे ट्रैक पर रखा। इस ट्रेन में कुल छह कोच होंगे, जिनमें चार नॉन-एसी और दो एसी विस्टाडोम कोच शामिल हैं। पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सभी व्यवस्थाओं की जांच के बाद रेलवे जल्द ही ट्रेन संचालन का नोटिफिकेशन जारी करेगा।
ये भी पढ़ें-
भोपाल के छह लेन बायपास से हजारों पेड़ों पर संकट, 36 किमी सड़क निर्माण में सबसे ज्यादा कोलार में कटाई
ऑनलाइन बुकिंग और प्राकृतिक सफर
इस यात्रा के लिए पर्यटकों को रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक करना होगा। रेलवे ट्रेन के टिकट की ऑफलाइन बुकिंग की सुविधा प्रदान नहीं करेगा। संचालन शुरू होने के बाद पर्यटक ऑनलाइन आरक्षण कराकर इस यात्रा का लाभ उठा सकेंगे। पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज सेक्शन करीब 9.5 किलोमीटर लंबा है। यह सफर घने जंगलों, प्राकृतिक वादियों, झरनों और सुरंगों के बीच से गुजरता है। इसी वजह से यह ट्रेन पर्यटकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रही है। ट्रेन का दोबारा संचालन शुरू होने से पातालपानी और कालाकुंड में पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।