देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डा इंदौर
- फोटो : सोशल मीडिया
बैंगलुरु से दिल्ली जा रहे विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट की इंदौर के देवी अहिल्या बाई होलकर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। फ्लाइट में बैठे एक यात्री की तबीयत खराब हो जाने के कारण ऐसा करना पड़ा। बाद में एंबुलेंस की मदद से यात्री को अस्पताल भेजा। यात्री का शुगर लेवल कम हो गया था। करीब डेढ़ घंटे देरी से उक्त फ्लाइट दिल्ली पहुंची।
जानकारी के मुताबिक विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट शाम 7.40 बजे बैंगलुरु से रवाना होकर रात 10.25 बजे दिल्ली पहुंचती है। शनिवार रात को भी तय समय से फ्लाइट उड़ी। इस फ्लाइट में सफर कर रहे यात्री सुजय सेनगुप्ता को अचानक सांस लेने में दिक्कत होने लगी। उनके साथ सफर कर रहे व्यक्ति ने फ्लाइट स्टाफ को इसकी जानकारी दी। पायलट ने मेडिकल इमरजेंसी देख तुरंत नजदीकी एयरपोर्ट इंदौर होने पर यहां के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क किया और विमान की मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग करवाने की अनुमति मांगी। एटीसी ने अनुमति दी और एयरपोर्ट पर भी अलर्ट जारी किया। फ्लाइट के आने से पहले ही एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड और डॉक्टर्स की टीम तैयार थी। रात करीब 9.36 बजे इंदौर में फ्लाइट लैंड हुई। इसके बाद यात्री को नीचे उतारा और डॉक्टर्स द्वारा जांच करने के बाद एंबुलेंस से समीप स्थित निजी अस्पताल भेजा गया। बताया गया कि जब यात्री की तबीयत बिगड़ी थी तो फ्लाइट स्टाफ ने विमान में घोषणा कर पूछा था कि क्या कोई डॉक्टर फ्लाइट में सफर कर रहा है। इस पर एक व्यक्ति ने हामी भरी और बीमार यात्री की जांच की। इंदौर में जब यात्री को हॉस्पिटल ले जाया गया तो जांच में सामने आया कि यात्री शुगर का मरीज है। उसका शुगर लेवल कम हो गया था जिस कारण परेशानी हुई। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। इधर यात्री को उतारने के बाद विस्तारा के विमान ने इंदौर एयरपोर्ट पर ही ईंधन भरवाया और 10.37 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ। इंदौर में मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग के कारण करीब डेढ़ घंटे देरी से फ्लाइट दिल्ली पहुंची।