बदमाशों को थाने बुलवाकर करवाई परेड।
- फोटो : सोशल मीडिया
बदमाशों में पुलिस का खौफ बना रहे इसके लिए पुलिस नए अंदाज में काम कर रही है। पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे बदमाशों से डोजियर भरवाए जा रहे हैं। उन्हें अपराध न करने की हिदायत दी जा रही है। चेतावनी भी दी जा रही है कि अगर अपराध किया तो सीधे जेल जाओगे।
इंदौर के गांधीनगर पुलिस थाने में पुलिस ने चाकूबाजों की परेड करवाई। उनसे उठक-बैठक लगवाई गई। शपथ पत्र भरवाए गए कि अब अपराध नहीं करेंगे। दरअसल पुलिस ने अपने थाना क्षेत्र के ऐसे बदमाशों की सूची तैयार की जो चाकूबाजी के अपराध में लिप्त हैं। इनको थाने लेकर आए और पूछताछ की। इसके बाद डोजियर भरवाया। उनकी परेड करवाई। पुलिस ने बॉन्ड ओवर किया और शपथ दिलवाई कि अपराध नहीं करेंगे। अगर वे वारदात करते हैं तो उन्हें बाकी का समय जेल में काटना होगा।
साइकिल से निकले पुलिस अफसर, लोगों से मांगे सुझाव
इसी तरह कमिश्नरी के बारे में बताने के लिए पश्चिमी क्षेत्र के अधिकारी सुबह साइकिलों पर निकले और अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर आमजनों से बातचीत की। इस दौरान कुछ लोगों ने अधिकारियों से मनचलों पर कार्रवाई करने के साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने और प्रेशर हॉर्न बजाने वालों पर कार्रवाई करने की बात कही। कमिश्नर प्रणाली लागू किए जाने के बाद पुलिस लगातार इस बात को लेकर सुझाव ले रही है कि व्यवस्था में किस तरह सुधार किया जा सकता है। आमजनों को पुलिस से जोड़ा जा रहा है।