भाजपा और कांग्रेस के महापौर प्रत्याशियों के बीच उम्र का ही अंतर नहीं है बल्कि संपत्ति में भी बहुत अंतर है। कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला अरबपति हैं तो भाजपा उम्मीदवार करोड़पति। हालांकि कांग्रेस उम्मीदवार के लिहाज से देखें तो भाजपा प्रत्याशी की संपत्ति महज एक प्रतिशत ही निकलेगी।
बता दें कि कांग्रेस से विधायक संजय शुक्ला महापौर प्रत्याशी है तो भाजपा ने पुष्यमित्र भार्गव को मैदान में उतारा है। दोनों ने नामांकन दाखिल कर दिया है और जनसंपर्क में जुट गए हैं। मतदाताओं से मन की बात दोनों कर रहे हैं और अपना विजन बता रहे हैं। शुक्ला के पास लंबा राजनीतिक अनुभव है तो भार्गव सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं। उम्र के मामले में शुक्ला आगे हैं तो शिक्षा के मामले में भार्गव। जनसंपर्क में दोनों ही शहर के विकास के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं।
संपत्ति की बात करें तो नामांकन दाखिल करने के दौरान संजय शुक्ला ने अपनी 170 करोड़ की संपत्ति होना बताया था जबकि भार्गव के पास लगभग सवा दो करोड़ की संपत्ति है। संजय शुक्ला 75 गाड़ियों के मालिक हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में उनके पास 50 गाड़ियां थीं। बीएमडब्ल्यू, मर्सिडीज औऱ रेंज रोवर जैसी लक्जरी कारें उनके पास हैं। जेसीबी, डंपर, क्रेन, ट्रक, ट्रैक्टर, ट्रॉली, हाइड्रा आदि वाहन भी हैं। भार्गव के पास केवल होंडा सिटी कार और उनकी पत्नी जूही के पास टोयोटा इटियोस कार है। नकदी की बात करें तो संजय शुक्ला के पास 68 लाख रुपये से ज्यादा नकद और पत्नी अंजलि के पास 67 हजार रुपये नकद हैं। एफडी और अन्य जमा के रूप में बैंक में 3 करोड़ 14 लाख 46 हजार 975 रुपये और पत्नी के खाते में 7 लाख 77 हजार 963 रुपए जमा हैं। शुक्ला के पास 12 करोड़ 66 लाख 80 हजार रुपये मूल्य का आवासीय भवन है। वहीं भाजपा के पुष्यमित्र भार्गव के पास बैंक खातों, पॉलिसी, ज्वेलरी, दो कार, दो फ्लैट, एक आवासीय भूखंड आदि मिलाकर लगभग सवा दो करोड़ रुपये की संपत्ति है। उनके पास होंडा सिटी कार, बैंकों में जमा राशि और 49 ग्राम सोना आदि मिलाकर लगभग 62.99 लाख रुपये मूल्य की चल संपत्ति है। इसी तरह उनकी पत्नी जूही के पास दो पहिया वाहन, 151 ग्राम सोना, नकदी और बैंकों में जमा राशि मिलाकर 19.73 लाख रुपये की चल संपत्ति है।
भार्गव के पास दो पॉलिसी से 16 लाख रुपये का इंश्योरेंस कवर है। वहीं पत्नी के नाम कोई पॉलिसी नहीं है। बेटे संघमित्र का एक लाख रुपये का बीमा है। इसी तरह संजय शुक्ला ने बताया कि उनके पास 4 हजार ग्राम सोना और 2600 ग्राम चांदी है, जिसकी कुल कीमत 1.65 करोड़ है। वहीं उनकी पत्नी के पास 6 हजार ग्राम सोना और 3 हजार ग्राम चांदी है, जिसकी कीमत 1.75 करोड़ है। वहीं भार्गव के पास 49 ग्राम सोना है, जिसका मूल्य 2,75000 रुपये है। उनकी पत्नी के पास 6 लाख 33 हजार रुपए कीमत के 151 ग्राम सोने के गहने हैं। दोनों के पास कर्ज भी है। संजय शुक्ला पर 32 करोड़ 85 लाख रुपये और पत्नी पर 16 करोड़ 90 लाख रुपये का लोन है। शुक्ला के पास रिवॉल्वर भी है। जमीन की बात करें तो जाख्या, बारोली, बड़ा बांगड़दा और पिपल्या कुम्हार में कृषि भूमि है, जिसकी अनुमानित कीमत 26 करोड़ 42 लाख रुपये है। हालांकि सरकारी आवास, बिजली, पानी, टेलीफोन, मोबाइल बिल का उन पर कोई बकाया नहीं है। पुष्यमित्र पर लगभग 15 लाख 74 हजार रुपये और उनकी पत्नी पर 9 लाख 99 हजार रुपये, दोनों पर कुल मिलाकर करीब 26 लाख रुपये की देनदारियां हैं। भार्गव के पास दो फ्लैट और एक आवासीय भूखंड है, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग एक करोड़ रुपये है।
आप पार्टी प्रत्याशी भी करोड़पति
इसी तरह आप पार्टी के उम्मीदवार एडवोकेट कमल कुमार गुप्ता ने भी आखिरी दिन 18 जून को नामांकन जमा करा दिया है। शपथ पत्र में उन्होंने बताया उनके पास 2008 मॉडल महिंद्रा लोगन और 2017 मॉडल बलेनो कार है। छोटा बांगड़दा में साढ़े 12 हजार स्क्वेयर फीट का भूखंड है। पत्नी के नाम पर साधना नगर में मकान और उसी के लगा हुआ प्लॉट है। कैलाश मार्ग और बीसीएम हाइट्स में पत्नी के नाम से दो फ्लैट हैं। दोनों फ्लैट पर 24 लाख रुपए का लोन चल रहा है। गुप्ता के पास दस तोला और उनकी पत्नी के पास 25 तोला सोना है। पत्नी के पास दो करोड़ पांच लाख रुपये और गुप्ता के पास 62 लाख रुपये कीमत की जमीन है। कुल संपत्ति दो करोड़ 85 लाख रुपये है।