लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्रप्रताप पांडेय
- फोटो : सोशल मीडिया
लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र प्रताप पांडेय को मध्यप्रदेश के महू में आर्मी वॉर कॉलेज के अगले कमांडेंट के रूप में नियुक्त किया गया है। वे जून माह में पदभार ग्रहण करेंगे।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार लेफ्टिनेंट जनरल पांडेय वर्तमान में श्रीनगर स्थित चिनार कोर की कमान संभाल रहे हैं। उन्हें कश्मीर घाटी में व्यापक आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने और शांति बनाए रखने के लिए स्थानीय आबादी तक पहुंचने का श्रेय दिया जाता है। मार्च 2021 में चिनार कोर कमांडर के रूप में अपनी नियुक्ति से पहले उन्होंने भारतीय सेना के क्षेत्रीय सेना के महानिदेशक के रूप में कार्य किया। लेफ्टिनेंट जनरल पांडेय को उनके युद्ध के अनुभव को देखते हुए आर्मी वॉर कॉलेज में नियुक्त किया गया है। भविष्य के युद्ध लड़ने के लिए युवाओं को प्रशिक्षित करने के वे प्रभारी होंगे। पांडे, लेफ्टिनेंट जनरल वीएस श्रीनिवासन का स्थान लेंगे जो महू में आर्मी वॉर कॉलेज के वर्तमान कमांडेंट हैं। बता दें कि आर्मी वॉर कॉलेज, महू भारतीय सेना का एक रक्षा सेवा प्रशिक्षण और अनुसंधान संस्थान है, जो सेना के लिए रणनीति ,अवधारणाओं और सिद्धांतों का विकास और मूल्यांकन करता है। कॉलेज भारतीय सेना के अधिकारियों के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों को भी प्रशिक्षित करता है।